कांग्रेस मुख्यालय पर भाजपा का प्रदर्शन

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : राफेल लड़ाकू विमान सौदा को लेकर कांग्रेस के खिलाफ भाजपा आक्रामक रु

By JagranEdited By: Publish:Wed, 19 Dec 2018 09:07 PM (IST) Updated:Wed, 19 Dec 2018 09:07 PM (IST)
कांग्रेस मुख्यालय पर भाजपा का प्रदर्शन
कांग्रेस मुख्यालय पर भाजपा का प्रदर्शन

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : राफेल लड़ाकू विमान सौदा को लेकर कांग्रेस के खिलाफ भाजपा आक्रामक रुख अख्तियार कर रही है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर राफेल को लेकर झूठ बोलने व देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए भाजपा नेता व कार्यकर्ता सड़क पर उतर रहे हैं। बुधवार को भी दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय के नजदीक प्रदर्शन किया।

कांग्रेस मुख्यालय तक प्रदर्शनकारियों को पहुंचने से रोकने के लिए लगाए गए बैरिकेड को पार करके आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया। तिवारी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के राफेल मामले पर निर्णय के बाद काग्रेस के झूठ का पर्दाफाश हो गया है। काग्रेस दुष्प्रचार कर रही है और झूठ बोलकर देश की जनता में भ्रम फैला रही है। कांग्रेस के भ्रष्टाचार की वजह से बरसों तक देश की सुरक्षा के लिए जरूरी इस लड़ाकू विमान का सौदा नहीं हो सका।

प्रधानमंत्री की ईमानदारी पर कोई सवाल नहीं उठा सकता। जनता से झूठ बोलने, सुप्रीम कोर्ट व वायु सेना का अपमान करने के लिए राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए।

नई दिल्ली की सांसद मीनाक्षी लेखी ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए राफेल लड़ाकू विमान की जरूरत है। काग्रेस अध्यक्ष इसका विरोध कर देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। पश्चिमी दिल्ली के सांसद प्रवेश वर्मा ने कहा कि यह सौदा दो देशों की सरकार के बीच है। इसमें काग्रेस नेताओं के परिजनों को सम्मिलित नहीं किया गया, इसलिए दुष्प्रचार किया जा रहा है। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के सांसद डॉ. उदित राज ने कहा कि जब भी कोई हमारे शीर्ष नेतृत्व के अपमान का प्रयास करेगा तो हम इसी तरह विरोध दर्ज कराकर मुंह तोड़ जवाब देंगे।

प्रदर्शन के संयोजक एवं प्रदेश महामंत्री राजेश भाटिया ने कहा कि कांग्रेस द्वारा प्रधानमंत्री के खिलाफ फैलाया जा रहा झूठ का भ्रामक प्रचार एक सोची समझी साजिश है। प्रदर्शन में प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल, रविंद्र गुप्ता सहित अन्य नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी