आप नेताओं ने प्रदर्शन कर चीन के खिलाफ उतारा गुस्सा

आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को पूरी दिल्ली में जगह-जगह चीन के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 20 Jun 2020 07:35 PM (IST) Updated:Sun, 21 Jun 2020 06:07 AM (IST)
आप नेताओं ने प्रदर्शन कर चीन के खिलाफ उतारा गुस्सा
आप नेताओं ने प्रदर्शन कर चीन के खिलाफ उतारा गुस्सा

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली:

आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को पूरी दिल्ली में जगह-जगह चीन के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी के नेताओं ने कहा कि चीनी सैनिकों ने भारतीय सैनिकों पर धोखे से हमला किया है। यह शर्मनाक हरकत है। आप नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के खिलाफ भी रोष व्यक्त किया।

ग्रेटर कैलाश से विधायक सौरभ भारद्वाज ने लाल बहादुर शास्त्री मार्ग (पुराना बीआरटी) पर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि चीन ने भारतीय सैनिकों पर धोखे से हमला किया, जो गलत है। उन्होंने कहा कि भारतीय सीमा में चीनी सैनिक लंबे समय से घुसपैठ कर रहे थे लेकिन केंद्र सरकार को इसका पता तक नहीं चला। यह केंद्र सरकार की विफलता है। वहीं, चीनी उत्पादों के बहिष्कार पर उन्होंने कहा कि लोगों के बहिष्कार से कुछ नहीं होगा। केंद्र सरकार को यह फैसला लेना चाहिए। केंद्र सरकार को चीन के साथ सभी तरह के व्यापार बंद कर देने चाहिए। चीन से आयात-निर्यात दोनों पर रोक लगाई जानी चाहिए। इस दौरान चिराग दिल्ली की निगम पार्षद पूजा जाखड़, आप कार्यकर्ता किशन जाखड़ सहित तमाम लोग मौजूद रहे। वहीं, तुगलकाबाद में विधायक सहीराम, मालवीय नगर में सोमनाथ भारती, कस्तूरबा नगर में मदनलाल, महरौली में नरेश यादव आदि ने भी प्रदर्शन किया।

chat bot
आपका साथी