इफ्तार में भी नहीं मिटी सियासी दूरियां

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : रमजान के पाक महीने में बृहस्पतिवार की शाम मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द

By Edited By: Publish:Thu, 30 Jun 2016 10:44 PM (IST) Updated:Thu, 30 Jun 2016 10:44 PM (IST)
इफ्तार में भी नहीं मिटी सियासी दूरियां

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : रमजान के पाक महीने में बृहस्पतिवार की शाम मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा दी गई इफ्तार पार्टी में बारिश के बावजूद काफी लोग पहुंचे, लेकिन उपराज्यपाल नजीब जंग, पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित व भाजपा नेता मुख्यमंत्री की इफ्तार पार्टी से दूर रहे। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि सरकार ने प्रोटोकॉल के तहत उपराज्यपाल व अन्य अतिथियों को आमंत्रित किया था, लेकिन वह नहीं आए। नहीं आने का कारण वही बता पाएंगे।

दिल्ली सचिवालय के पास स्थित इंदिरा गांधी स्टेडियम में उर्दू अकादमी के अध्यक्ष व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ओर से इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया था। मुख्यमंत्री ने इसमें आने के लिए उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, उपराज्यपाल नजीब जंग, पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, विधानसभा में नेता विपक्ष विजेंद्र गुप्ता समेत कई विशिष्ट अतिथियों और आम लोगों को आमंत्रित किया था। इसमें उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, फतेहपुरी मस्जिद के शाही इमाम मुफ्ती मुकर्रम अहमद, इत्तेहाद मिल्लत कौंसिल के अध्यक्ष तौफीक रजा समेत दिल्ली सरकार के मंत्री, आप विधायक व भारी तादाद में आम लोग पहुंचे। सरकार द्वारा आयोजित इफ्तार पार्टी में आने के लिए शाम 6.45 बजे का समय दिया गया था, लेकिन शाम 5 बजे से ही लोग पहुंचने लगे थे। हालांकि, शाम को इफ्तार पार्टी के शुरू होने से कुछ देर पहले हुई बारिश से थोड़ी परेशानी हुई, लेकिन रोजा खोलने के लिए लोग मौजूद रहे और निर्धारित समय शाम 7. 25 बजे सबने साथ रोजा खोला और इसके बाद नमाज पढ़ी। पिछले दिनों सरकार और उपराज्यपाल के बीच कई मुद्दों पर मतभेद रहे। इसी तरह विपक्ष और सत्ता पक्ष में भी तनातनी बनी रही। मुख्यमंत्री द्वारा आयोजित इफ्तार पार्टी में सियासी दूरियां कम होने की उम्मीद की जा रही थी, मगर ऐसा नहीं हुआ।

chat bot
आपका साथी