अवैध निर्माणों पर सख्त हुआ निगम

By Edited By: Publish:Thu, 28 Aug 2014 11:02 PM (IST) Updated:Thu, 28 Aug 2014 11:02 PM (IST)
अवैध निर्माणों पर सख्त हुआ निगम

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली : अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम शाहदरा दक्षिणी जोन ने सख्त रवैया अख्तियार कर लिया है। इसके तहत जहां बिल्डिंग मैटेरियल की दुकानों और अवैध टावरों को सील किया जा रहा है वहीं, अब अवैध निर्माण गिराने की कार्रवाई भी शुरू हो गई है। मयूर विहार फेज-वन स्थित एक चार मंजिला शॉपिंग कांप्लेक्स को ढहाने में निगम का दस्ता जुट गया है। इसके अलावा गीता कॉलोनी में एक अवैध निर्माण को पूरी तरह गिरा दिया है।

गीता कॉलोनी में प्लाट नंबर 12/109 ई को पूरी तरह से गिरा दिया गया। इसके साथ बृहस्पतिवार को निगम के दस्ते ने मयूर विहार फेज-वन के प्रताप नगर स्थित किरण ज्योति कांप्लेक्स को ढहाने की कार्रवाई शुरू कर दी। चार मंजिला इमारत को गिराने में 10 से 15 दिन का समय लग सकता है। प्लाट संख्या 82 पर स्थित इमारत को एकदम से गिराने से आसपास की इमारतों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। ऐसे में इसे धीरे-धीरे ऊपर से गिराए जाने की योजना है। शाहदरा दक्षिणी जोन के उपायुक्त अतीक अहमद ने बताया कि फिलहाल पांच सितंबर तक इसे गिराने की योजना बनाई गई है। स्थिति को देखते हुए समयावधि बढ़ाई जा सकती है।

सुरक्षित सवारी पर कार्यशाला

पूर्वी दिल्ली नगर निगम द्वारा सुरक्षित सवारी विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें वाहन चलाने के दौरान सतर्कता बरतने के तरीके बताए गए। ईस्ट लक्ष्मीनगर स्थित नगर निगम के स्कूल में कार्यशाला का उद्घाटन शाहदरा दक्षिणी जोन के उपायुक्त अतीक अहमद ने किया। इसमें विभिन्न स्कूलों के करीब एक हजार बच्चों और 32 शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में सुरक्षित सवारी से संबंध प्रतियोगिताएं हुई। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए गए।

chat bot
आपका साथी