Bihar: नरकटियागंंज में दहेज में भैंस और 1 लाख नकद नहीं मिलने पर नवविवाहिता की हत्या, पुलिस ने फंदे से उतारा शव

Newly Married Woman Murdered For Buffalo शिकारपुर थाना के बेलबनिया गांव में एक नवविवाहिता की गला दबाकर हत्या के बाद उसे फंदे में लटका दिया गया। रविवार की रात घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची तो छप्पर से लगे बांस में रस्सी से लटका हुआ उसका शव उतारा गया।

By Prabhat MishraEdited By: Publish:Mon, 20 Mar 2023 07:07 PM (IST) Updated:Mon, 20 Mar 2023 07:07 PM (IST)
Bihar: नरकटियागंंज में दहेज में भैंस और 1 लाख नकद नहीं मिलने पर नवविवाहिता की हत्या, पुलिस ने फंदे से उतारा शव
शव को अंत्यपरीक्षण के लिए भेजती पुलिस। फोटो जागरण

संवाद सूत्र, नरकटियागंज: शिकारपुर थाना के बेलबनिया गांव में एक नवविवाहिता की गला दबाकर हत्या के बाद उसे फंदे में लटका दिया गया।

रविवार की रात घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची तो छप्पर से लगे बांस में रस्सी से लटका हुआ उसका शव उतारा गया। ससुरालवाले घर छोड़कर फरार हो गए थे।

ग्रामीणों ने मृतका के मायकेवालों को दी सूचना

मृतका के मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। बताया गया कि ग्रामीणों की सूचना पर विवाहिता के मायकेवाले बेलबनिया पहुंचे और घटना की पुलिस को सूचना दी।

पुलिस पहुंची और शव को फंदे (रस्सी) से उतारकर थाने लाई। सोमवार को उसे अंत्यपरीक्षण के लिए गवर्नमेंट मेडिकल हॉस्पिटल बेतिया भेजा गया।

मृतका रेशमा खातून (22) बीते साल ही शादी हुई थी, उसे कोई संतान नहीं है। थानाध्यक्ष रामाश्रय यादव ने बताया कि मृत विवाहिता के ससुरालवाले घर छोड़कर फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

मामले में मृतका की मां मंगरहरी बैरिया निवासी जैबुन नेशा ने एक प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें बेटी के पति मेराज देवान, ससुर एमाम हसन देवान, सास सायदा खातून, ननद जरीना खातून समेत नौ लोगों को नामजद की है।

दिसंबर 2022 में ही हुई थी रेशमा की शादी

जैबुन नेशा पुलिस को बताया कि उसने अपनी बेटी रेशमा की शादी दिसंबर 2022 में मेराज देवान से की थी। शादी में लाखों रुपये के उपहार दिए थे।

बावजूद इसके दहेज में एक लाख रुपये और एक भैंस की मांग उसके ससुरालवाले कर रहे थे। इसके लिए बेटी को प्रताड़ित किया जाने लगा। यह जानकारी बेटी ने कई बार उसे फोन पर बताई थी।

आरोप है कि दहेज में भैंस और नकद नहीं देने के कारण नवविवाहिता की हत्या कर उसे फंदे में लटका दिया गया। उसके बाद ससुरालवाले फरार हो गए।

थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका के मायके वालों द्वारा दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया गया है। शव अंत्यपरीक्षण के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने पर महिला की मौत की वास्तविक जानकारी मिल पाएगी। वैसे पुलिस फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

chat bot
आपका साथी