गला घोंटकर छात्र की हत्या, शव सड़क किनारे फेंका

संवाद सूत्र, लालगंज लालगंज प्रखंड के रेपुरा गांव के सकलदीप चौधरी के एक मात्र पुत्र सोनू कुमार की र

By Edited By: Publish:Tue, 28 Oct 2014 01:06 AM (IST) Updated:Tue, 28 Oct 2014 01:06 AM (IST)
गला घोंटकर छात्र की हत्या, शव सड़क किनारे फेंका

संवाद सूत्र, लालगंज

लालगंज प्रखंड के रेपुरा गांव के सकलदीप चौधरी के एक मात्र पुत्र सोनू कुमार की रविवार की रात लालगंज-जलालपुर सड़क पर मथुरा गांव के निकट हत्या कर शव को फेंक दिया गया। स्थानीय लोगों ने सोमवार की सुबह शव को सड़क किनारे पड़ा देख लालगंज पुलिस को इसकी सूचना दी। शव की बरामदगी मथुरापुर गांव से सोमवार की सुबह हुई। मृतक के गले में फंदे तथा दोनों हाथों पर गहरे जख्म के निशान पाए गए। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव की स्थिति से पता चलता है कि हत्या गला घोंट कर की गई है। वहीं ग्रामीणों ने दबी जुबान में इसे प्रेम-प्रसंग का मामला बताया है।

पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया तथा पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल में भेजा। मृतक सोनू कुमार इंटरमीडिएट का छात्र था। घटना की सूचना जब मृतक के परिजनों को मिली तो उनलोगों ने थाने पहुंच शव की पहचान की। रेपुरा गांव में इसकी सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। उत्तेजित ग्रामीणों ने मृतक के घर के पास (रेपुरा काली मंदिर) के निकट लालगंज-हाजीपुर मार्ग को जाम कर दिया। जिससे यातायात पूर्णत: बाधित हो गया। थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने तत्काल जाम स्थल पर पहुंच कर लोगों को समझा-बुझा कर जाम हटवाया। वहीं शव के पोस्टमार्टम से आने के बाद दोपहर में लोगों ने पुन: सड़क जाम कर दिया और वरीय पदाधिकारी को बुलाने तथा अभियुक्तों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग पर अड़ गये। घटना के संबंध में मृतक की मां ने बताया कि रविवार की रात्रि लगभग 8 बजे सोनू बाजार से मिठाई लेकर आया था। उसी समय उसके दो दोस्त उसे ढूंढते ही घर आए तथा उसे बुलाकर अपने साथ ले गए। उसके बाद जाने के बाद घर वालों को लगा कि बगल में हो रहे एक श्राद्ध के भोज में सम्मिलित होने वह गया होगा। इसलिए उसके परिजनों ने उसकी खोजबीन नहीं की तथा निश्चिंत होकर सो गए। परंतु सोमवार की सुबह में उसे बिछावन पर नहीं पाकर परिजनों को शक होने लगा। इसी बीच उन्हे सोनू की हत्या की खबर मिली और घर वाले आवाक रह गए। मृतक की मां मालती देवी तथा बड़ी बहन सोनी देवी ने बताया कि सोनू की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। परंतु उसके दोस्तों ने उसके साथ ऐसा क्यों किया, उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। समाचार प्रेषण तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई थी। नारायणी नदी के बसंता जहानाबाद घाट पर स्थानीय पुलिस की उपस्थिति में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

बताते चलें कि सोनू पहले आरपीएस कालेज धनुषी में इंटर द्वितीय वर्ष का छात्र था। जिसकी शादी फरवरी 2015 में तय थी। मृतक की एक बड़ी बहन शादीशुदा सोनी देवी है तथा एक बहन मात्र तीन वर्ष की है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सोनू पढ़ने-लिखने में काफी तेज था और उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। लोगों ने उसे चरित्रवान बताया तथा प्रेम-प्रसंग आदि मामले को खारिज कर दिया है। घटना के बाद मृतक की माता मालती देवी एवं बहन सोनी देवी का रोते-रोते बुरा हाल था। बहन सोनी देवी बार-बार बेहोश हो जा रही थी।

chat bot
आपका साथी