सरायगढ़ जंक्शन पर यात्री सुविधाओं का है अभाव

-शौचालय में ताला लगे रहने से ट्रेन पकड़ने आने वाले यात्री झेलते हैं कठिनाई संवाद सूत्र सर

By JagranEdited By: Publish:Mon, 22 Aug 2022 04:53 PM (IST) Updated:Mon, 22 Aug 2022 04:57 PM (IST)
सरायगढ़ जंक्शन पर यात्री सुविधाओं का है अभाव
सरायगढ़ जंक्शन पर यात्री सुविधाओं का है अभाव

-शौचालय में ताला लगे रहने से ट्रेन पकड़ने आने वाले यात्री झेलते हैं कठिनाई

संवाद सूत्र, सरायगढ़ (सुपौल) : सहरसा-फारबिसगंज रेलखंड के सरायगढ़ जंक्शन पर यात्रियों के लिए कई सुविधाओं का अभाव है। जंक्शन बनने और दरभंगा, लहेरियासराय, ललितग्राम आदि जगहों के लिए रेल सेवा शुरू होने के बाद सरायगढ़ में काफी संख्या में यात्री पहुंचते हैं। कई बार यात्रियों को ट्रेन छूट जाने के कारण रात भर प्लेटफार्म पर समय गुजारना पड़ता है लेकिन प्लेटफार्म पर शौचालय, पीने का शुद्ध पानी और पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण यात्री परेशान होते रहते हैं। सरायगढ़ रेलवे जंक्शन पर महिला तथा पुरुष यात्रियों के लिए अलग-अलग शौचालय तो बनाया गया है लेकिन दोनों में ताला लगा रहता है। शौचालय में ताला लगे रहने के कारण महिला यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ती है ।

सरायगढ़ जंक्शन से होकर निर्मली, दरभंगा, लहेरियासराय तक ट्रेन जाती और फिर वापस होकर सहरसा जाती है। सहरसा से एक ट्रेन सरायगढ़ जंक्शन होते ललितग्राम तक जाती है और फिर वहां से सहरसा लौट जाती है। जंक्शन से होकर फिलहाल 6 जोड़ी ट्रेन का आवागमन होता है। ऐसे में कई यात्री प्लेटफार्म पर रुके रहते हैं। कुछ यात्रियों को रात हो जाने के कारण अपने घर तक जाने में कठिनाई होती है और वह भी प्लेटफार्म पर रुक जाते हैं। प्लेटफार्म पर यात्रियों के लिए स्नान करने की भी कोई व्यवस्था नहीं है और ना ही शुद्ध पेयजल उपलब्ध है। जंक्शन पर फिलहाल तीन प्लेटफार्म है लेकिन एक ही चापाकल है। प्लेटफार्म संख्या एक पर जो चापाकल है वहां तक प्लेटफार्म संख्या दो और तीन के यात्री को जाने में कठिनाई होती है। यात्रियों को ओवरब्रिज से होकर प्लेटफार्म संख्या एक पर आना पड़ता और तब तक ट्रेन छूट जाती है। सोमवार को प्लेटफार्म पर रुके कुछ यात्रियों ने बताया कि वहां रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं रहती है। प्लेटफार्म के ओवरब्रिज पर पूरी तरह से अंधेरा रहता है। अंधेरा रहने के कारण यात्रियों को सामान चोरी होने का डर रहता है। जंक्शन पर अभी तक जीआरपी की तैनाती नहीं हुई है जिससे यात्री अपने को असुरक्षित महसूस करते हैं।

कई माह पूर्व सरायगढ़ जंक्शन पर ट्रेन का परिचालन शुरू हुआ और अभी तक यात्रियों की सुविधा के लिए शौचालय और शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं हो सका। प्लेटफार्म पर यात्रियों को होने वाली कठिनाई को दूर करने के लिए स्थानीय निवासी बद्री नारायण यादव, लक्ष्मण प्रसाद यादव, बैजनाथ यादव, रामसुंदर मुखिया, सत्यनारायण मुखिया, किशोर यादव, गोविद शाह, गजेंद्र शाह, बबलू शाह, धर्मेंद्र शाह, उमेश साह, संतोष साह आदि ने रेल विभाग के कई अधिकारियों को बार-बार आवेदन दिया। डीआरएम सहित अन्य के द्वारा बार-बार प्लेटफार्म पर यात्रियों को अधिक से अधिक सुविधा देने का आश्वासन दिया गया लेकिन फलाफल कुछ भी नहीं निकल सका है।

chat bot
आपका साथी