बेलवा में सुरक्षा तटबंध में रिसाव, नए इलाकों में फैला बाढ़ का पानी

शिवहर। नेपाल के जल अधिग्रहण क्षेत्र समेत इलाके में जारी बारिश के चलते बागमती नदी में आए उफान के बाद इलाके में बाढ़ का कहर तेज हो गया है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 28 Aug 2021 11:59 PM (IST) Updated:Sat, 28 Aug 2021 11:59 PM (IST)
बेलवा में सुरक्षा तटबंध में रिसाव, नए इलाकों में फैला बाढ़ का पानी
बेलवा में सुरक्षा तटबंध में रिसाव, नए इलाकों में फैला बाढ़ का पानी

शिवहर। नेपाल के जल अधिग्रहण क्षेत्र समेत इलाके में जारी बारिश के चलते बागमती नदी में आए उफान के बाद इलाके में बाढ़ का कहर तेज हो गया है। बागमती नदी जहां खतरे के निशान से उपर बह रही है। वहीं बाढ़ का पानी लगातार नए इलाकों में फैल रहा है। तटबंधों पर लगातार दबाव बढ़ रहा है। जबकि, बेलवा में सुरक्षा तटबंध में रिसाव तेज हो गया है। इसी बीच डीएम सज्जन राजशेखर ने अधिकारियों को अलर्ट कर दिया है। जल संसाधन विभाग की टीम बेलवा में कैंप कर रही है। कार्यपालक अभियंता विमल कुमार के नेतृत्व में अभियंताओं की टीम कैंप कर रही है। सुरक्षा तटबंध की मरम्मत का काम तेजी से जारी है। जबकि, एसडीओ मो. इश्तियाक अली अंसारी ने एसडीआरएफ और अधिकारियों की टीम के साथ नाव से बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। साथ ही तटबंध मरम्मत कार्य का जायजा लिया। दूसरे दिन भी बाढ़ की तबाही का दौर जारी शिवहर : जिले में शनिवार को दूसरे दिन भी बाढ़ की तबाही का दौर जारी रहा। बागमती नदी का पानी बेलवा मुख्य धार से होते हुए बेलवा, नरकटिया, सिगाही और दोस्तिया समेत दर्जनभर गांव और टोलों में घुस गया है। बाढ़ प्रभावित इलाकों के लोगों ने तटबंध पर शरण ले रखी है। इंदरवा गांव चारों ओर से बाढ़ के पानी से घिरा है। सबसे बुरा हाल नरकटिया के लोगों का है। दो माह के भीतर तीसरी बार बागमती नदी इस गांव के लोगों की सुख-चैन बहा कर ले गई है। शुक्रवार की दोपहर बाद से इलाके में शुरू बाढ़ की तबाही का दौर शुरू हुआ। शाम होते ही बाढ़ का पानी नदी से उपटकर नए इलाकों में फैलने लगा। शनिवार की अलसुबह बागमती नदी का पानी नदी से उपटकर बागमती पुरानी धार में मिलने लगी है। वहीं पुरानी धार का पानी डुमरी कटसरी और पिपराही प्रखंड के हरपुर बलहा, धनकौल और बुनियादगंज के इलाकों में बहने लगा है। बागमती नदी का पानी पूर्वी चंपारण के जिहुली के रास्ते शिवहर के नए इलाकों में फैल रहा है। पुरनहिया और तरियानी के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी फैल फसलों को बर्बाद कर रहा है। इन इलाकों के लोग दहशत में है। इधर, शिवहर-सीतामढ़ी हाईवे के कोला पुल और बुनियादगंज समेत कई स्थानों पर बाढ़ का पानी बह रहा है। कोला पुल के पास दूसरी बार सड़क बह गई है। बुनियादगंज डायवर्सन दो माह पूर्व बह गया था। अब यहां पानी का दबाव बढ़ रहा है। शिवहर-पिपराही एसएच 54 पर बेलवा के पास आठ से दस फीट पानी का बहाव जारी है। इधर, बागमती और बागमती पुरानी धार का पानी लगातार नए इलाकों में फैलने से लोग दहशत में है। नदी अब भी लाल निशान से 1.39 मीटर उपर बह रही है। 24 घंटे के भीतर नदी के जलस्तर में 0.04 मीटर की वृद्धि हुई है। शनिवार को बागमती नदी का जलस्तर 62.67 मीटर दर्ज किया गया। उधर, मनुषमारा नदी का पानी धनकौल, बुनियादगंज, हरपुर बलहा समेत कई गांवों के निचले इलाकों में बह रहा है। सुरक्षा तटबंध में रिसाव, दहशत शिवहर : जिले के पिपराही प्रखंड के बेलवा में सुरक्षा तटबंध में रिसाव के बाद इलाके में दहशत है। जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता के नेतृत्व में विभाग की टीम बेलवा में कैंप कर रही है। यहां बड़ी संख्या में मजदूर तटबंध मरम्मत कार्य में लगे है। बताते चलें कि, पिछले साल की तरह इस साल भी पहली जुलाई को सुरक्षा तटबंध ध्वस्त हो गया था। 40 घंटे की मेहनत के बाद मरम्मत कर लिया गया था। लेकिन, तटबंध टूटने के बाद इलाके में बाढ़ ने तबाही मचाई थी। 20 हजार की आबादी प्रभावित हुई थी। उधर, 20 दिन बाद सुरक्षा तटबंध में रिसाव शुरू हो गया था। जिसे समय रहते ठीक करा लिया गया था। हालांकि, शुक्रवार को आई बाढ़ के चलते तटबंध में आए रिसाव ने फिर चिता बढ़ा दी है।

chat bot
आपका साथी