Samastipur News: समस्तीपुर नगर निकाय के ताजपुर से 66 और सरायरंजन से 59 प्रत्याशियों ने किया नामांकन

निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता अजय कुमार तिवारी ने बताया कि निगम में चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के नामांकन के लिए समाहरणालय में अलग- अलग तीन काउंटर बनाए गए हैं। वहीं मुख्य पार्षद और उप पार्षद के लिए अलग काउंटर बनाया गया है।

By Ankur KumarEdited By: Publish:Sat, 17 Sep 2022 12:25 AM (IST) Updated:Sun, 18 Sep 2022 01:16 AM (IST)
Samastipur News: समस्तीपुर नगर निकाय के ताजपुर से 66 और सरायरंजन से 59  प्रत्याशियों ने किया नामांकन
बिहार नगर निकाय चुनाव 2022, समस्तीपुर नगर परिषद।

समस्तीपुर, जागरण समाचार। नगर निकायों के दूसरे चरण में होने वाले चुनाव को लेकर शुक्रवार को उम्मीदवारों का नामांकन शुक्रवार को प्रारंभ हो गया। पहले दिन नगर निगम समस्तीपुर में उप मुख्य पार्षद के लिए एक उम्मीदवार ने अपना नामांकन दाखिल किया। जबकि, 105 लोगों ने नाजिर रसीद कटाया है।

निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता अजय कुमार तिवारी ने बताया कि निगम में चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के नामांकन के लिए समाहरणालय में अलग- अलग तीन काउंटर बनाए गए हैं। वहीं, मुख्य पार्षद और उप पार्षद के लिए अलग काउंटर बनाया गया है। उम्मीदवारों की सहूलियत के लिए हेल्पलाइन की व्यवस्था भी की गई है।

70 लोगों ने नाजिर रसीद कटवाई

वहीं मुसरीघरारी नगर पंचायत से चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों ने नामांकन के लिए सदर अनुमंडल कार्यालय में काउंटर बनाए गए हैं। मुसरीघरारी नगर पंचायत के निर्वाची पदाधिकारी प्रभारी डीसीएलआर महमूद आलम ने बताया कि पहले दिन नामांकन कराने वाले उम्मीदवारों की संख्या शून्य रही। जबकि, 70 लोगों ने नाजिर रसीद कटवाई है।

इधर प्रथम चरण में होने वाले चुनाव को लेकर शुक्रवार को छठे दिन भी नामांकन जारी रहा। सदर अनुमंडल कार्यालय में ताजपुर नगर परिषद और मुसरीघरारी नगर पंचायत के उम्मीदवारों का नामांकन के लिए अलग- अलग काउंटर बनाए गए हैं। सदर अनुमंडल पदाधिकारी सह ताजपुर नगर परिषद के निर्वाची पदाधिकारी ने बताया कि ताजपुर में 66 उम्मीदवारों ने नामांकन के लिए पर्चा दाखिल किया।

4 उपमुख्य और 60 पार्षद उम्मीदवार शामिल 

जिसमें दो मुख्य पार्षद और चार उपमुख्य पार्षद और 60 पार्षद पद के उम्मीदवार शामिल हैं। सरायरंजन नगर पंचायत के उम्मीदवारों का नामांकन पीजीआरओ कार्यालय में हो रहा है। सरायरंजन नगर पंचायत के निर्वाची पदाधिकारी सह पीजीआरओ संजीव कुमार ने बताया कि सरायरंजन में कुल 59 लोगों ने नामांकन दाखिल किया। इसमें मुख्य पार्षद के लिए 3, उप मुख्य पार्षद के लिए 2 और वार्ड पार्षद के लिए 54 उम्मीदवार शामिल हैं।

सभी जगह दिन भर निर्वाची पदाधिकारी और सहायक निर्वाची पदाधिकारी कर्मियों के साथ तैनात रहे। सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था है। नामांकन कराने पहुंचे उम्मीदवारों के साथ समर्थकों की भीड़ नजर आई।

निगम कार्यालय में नो ड्यूज सर्टिफिकेट लेने के लिए हंगामा

नगर निगम चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इसके लिए विभिन्न वार्डों से चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटे प्रत्याशी अपने कागजातों को दुरुस्त करने में जुटे हैं। निगम कार्यालय में होल्डिंग सहित अन्य टैक्स टैक्स का नो ड्यूज प्रमाण पत्र के लिए लोगों की कतार लग रही है। वैसे प्रत्याशी या उनके प्रस्तावक, जिनके जिम्मे होल्डिंग टैक्स का बकाया है।

वे अपने बकाए को जमा करने में लगे हैं। शुक्रवार को निगम कार्यालय में नो ड्यूज सर्टिफिकेट के लिए निगम कार्यालय कर संग्रह संभाग में काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। इस दौरान लोगों ने जमकर हंगामा भी किया। लोगों का कहना था कि नो ड्यूज सर्टिफिकेट से संबंधित कोई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई। इस कारण कई लोगों ने निगम कार्यालय के पास दुकान से 20-50 रुपये के शपथ पत्र का एक फार्म खरीद लिया।

बनाए गए हैं कुल 47 वार्ड

नगर आयुक्त ने बताया कि शहर के पुराने वार्ड के लिए अलग फार्मेट है और नवगठित वार्डो में सम्मिलित सोलह पंचायत के लिए अलग फार्मेट बनाया गया है। उन्होंने टैक्स दारोगा को नगर भवन परिसर में कैंप लगाकर नो ड्यूज सर्टिफिकेट उपलब्ध कराने की बात कही। साथ ही नो ड्यूज सर्टिफिकेट पर हस्ताक्षर करने के लिए नगर उप आयुक्त को भी प्राधिकृत किया।

उन्होंने बताया कि चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने वाले प्रत्याशियों के लिए होल्डिंग टैक्स जमा करना अनिवार्य कर दिया गया है। वहीं नगर परिषद के पूर्व पार्षदों जिन्होंने लैपटॉप लिया था, उन्हें भी यह लौटाने के लिए कहा गया है। प्रत्याशी ही नहीं उनके प्रस्तावक व समर्थकों को भी नगर निकायों में बकाए टैक्स का भुगतान करना अनिवार्य है। बता दें कि नगर परिषद में वार्डों की संख्या 29 थी। अब नगर निगम बनने के बाद कुल 47 वार्ड बन गए हैं।

chat bot
आपका साथी