कब्र से बाहर निकला था हाथ, नोंच रहे थे कुत्ते ...ऐसे खुल गई हत्या की पोल
हत्यारों ने युवक के शव को दफन कर दिया था, लेकिन कुत्तों ने पोल खोल दी। लोगों ने जब कब्र से बाहर निकला हाथ को कुत्तों को नाेंचते देखा तो पुलिस को खबर कर दी।
समस्तीपुर [जेएनएन]। हत्या कर कब्र में दफन शव का हाथ बाहर निकला था, जिसे कुत्ते नोंच रहे थे। जानकारी मिली तो पुलिस ने उसे बाहर निकाला। घटना समस्तीपुर के मोरवा स्थित मरीचा पंचायत की है।
लोगों ने देखा हाथ
सुबह कब्रिस्तान के पास से गुजर रहे लोगों ने देखा कि कब्र से एक हाथ बाहर निकला है। इसे कुत्ते नोचकर खा रहे थे। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद सदर एसडीओ अशोक कुमार मंडल के नेतृत्व में अधिकारी व पुलिसकर्मी पहुंचे। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्रिस्तान से शव को बाहर निकाला गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर नजर
पटोरी डीएसपी विजय कुमार ने कहा कि युवक के पेट पर छुरे के वार के निशान मिले। लगता है कि शव को ठिकाने लगाने के लिए यहां दफन कर दिया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सच सामने आएगा।
मृतक की शिनाख्त नहीं
आशंका है कि हत्यारों ने युवक की अन्यत्र हत्या कर शव को यहां दफन कर दिया था। उसकी उम्र करीब 40 वर्ष थी। शरीर पर लाल काला धारीदार शर्ट एवं ब्लू पैंट थी। हाथ में लाल धागा बंधा था।