आग से दर्जनभर घर जले

By Edited By: Publish:Fri, 18 Apr 2014 11:12 PM (IST) Updated:Fri, 18 Apr 2014 11:12 PM (IST)
आग से दर्जनभर  घर जले

जेएनएन, समस्तीपुर : जिले में अगलगी की घटना रुकने का नाम ही नहीं ले रही है। लोगों की थोड़ी सी चूक से दर्जनों घर हर रोज जलकर नष्ट हो रहे है। शुक्रवार को भी लगभग आधा दर्जन प्रखंडों में हुई अगलगी से एक दर्जन से ज्यादा घर जलकर नष्ट हो गये। इसमें कई मवेशी भी झुलस गये वहीं लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।

मुसरीघरारी संस : थाना क्षेत्र के बाघी पंचायत के चकहबीब गांव में वार्ड 10 स्थित शुक्रवार को राम विलास राय के घर का सबकुछ जल कर खाक हो जाने से उनके समक्ष खाने को भी कुछ नही बचा है। इसकी सूचना प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी को दे दी गई है।

अगलगी में 4 घर जले

उजियारपुर संस : प्रखण्ड के चादचौार पश्चिम पंचायत के मथुरापुर में गुरूवार की रात आग लगने से टोले के चार लोगों के घर जलकर स्वाहा हो गया। इसमें सत्यनारायण राय, संजय राय, आनन्द राय आदि के घर पूर्णत: जल गया। इसके साथ ही घर में रखे कपडे, आभूपण, तथा अनाज भी जल गये। स्थानीय मुखिया उपेन्द्र दास ने बताया कि फायर ब्रिगेड एवं ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। आग लगने का कारण सत्यनारायण राय के घर में जल रहे ढिबरी का पलटना बताया गया है। मुखिया श्री दास ने सरकारी राहत देने हेतु सीओ को सूचित कर दिया है।

सीओ ने दिये रुपये

ताजपुर, संस : प्रखंड क्षेत्र के बाघी पंचायत अंतर्गत चकहबीव गांव में शुक्रवार की सुबह खाना बनाने के क्रम में रामबली राय का घर जल कर राख हो गया। पंचायत के मुखिया मुखीलाल सिंह ने घटना स्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को सांत्वना दिया। अंचलाधिकारी भारत-भूषण ने पीड़ित परिवार को तत्काल चार हजार दो सौ रुपये नगद राशि राहत के रूप में दी। साथ ही अनाज भी उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

अग्निपीड़ितों को मिली राहत

शाहपुर पटोरी, संस : जब जोड़पुरा में अग्निदेव ने दर्जनभर परिवारों से उसका आशियाना व निवाला छीन लिया तो कई हाथ एक साथ उनकी सहायता के लिए उठ खड़े हुए। इस क्रम में जोड़पुरा पंचायत के मुखिया ब्रजनंदन चौधरी ने अपनी दरियादिली दिखाते हुए निजी कोष से अग्निपीड़ित परिवारों के सभी सदस्यों के बीच वस्त्र का वितरण किया। साथ ही इनके द्वारा अग्निपीड़ित महादलित की बस्ती में तीन दिनों तक भोजन का प्रबंध किया गया है। घटनास्थल पर मुखिया श्री चौधरी के द्वारा पूरी रात जेनरेटर से प्रकाश व्यवस्था की गई है। इधर सीओ प्रमोद कुमार ने बताया कि अग्निपीड़ितों के बीच राहत राशि का वितरण कर दिया गया है।

नहीं मिला अग्निपीड़ितों को सरकारी राहत

अंगारघाट, संस : उजियारपुर प्रखंड़ के मुरियारो गाव के अग्निपीड़ित परिवारों को घटना के पाच दिन बाद भी सरकारी राहत नहीं मिलने से रोष व्याप्त है। बताते चले कि मुरियारो गाव के वार्ड संख्या 10 में 14 अप्रैल को हुई अगलगी की घटना में पासवान व भंडारी परिवार के कई लोगों का घर जल गया। वहा पहुंचे सीआई रविन्द्र कुमार चौपाल एवं राजस्व कर्मचारी धीरज कुमार ने ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों के समक्ष एक सूची तैयार किया। इस सूची में 21 परिवारों का नाम दर्ज हुआ। 15 अप्रैल को कर्मचारी इसमें से 08 परिवार को राहत के नाम पर प्रति परिवार 4200 रूपये दे चलता बना। बाद में लोगों को पता चला कि मात्र आठ का ही रिपोर्ट किया गया जिसके आधार पर राहत की राशि दी गई। सरकारी राहत के रूप में दिये जाने वाले अनाज आदि का अबतक कोई पता नहीं है। इधर सीओ आदित्य विक्रम ने बताया कि आठ अग्निपीड़ितों की सूची जाच के बाद सीआई व कर्मचारी ने सौंपा। इसके आधार पर राहत की राशि दी गई। अगर कोई लाभ से वंचित रह गया है तो उसके दावे की जाच कर राहत दी जाएगी।

chat bot
आपका साथी