सारण में आधी आबादी ने संभाल रखी थी सखी बूथों की कमान, दिव्यांगों के लिए भी अनोखी पहल
लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में इस बार बूथों पर महिला कर्मचारियों की संख्या खूब दिखी। सारण के करीब छह बूथ सखी बूथ महिलाओं के नाम रहे।
छपरा, जेएनएन। लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में इस बार बूथों पर आधी आबादी की बुलंदी की तस्वीर दिखी। सारण में छह ऐसे बूथ बनाए गए थे जहां पूरी मतदान प्रक्रिया की कमान महिलाएं संभाल रही थीं। पीठासीन पदाधिकारी, मजिस्ट्रेट से लेकर मतदान कर्मी और सुरक्षा कर्मी सभी महिलाएं थीं। प्रशासन ने इन महिला मतदान केंद्रों को सखी बूथ का नाम दिया है। इसी तरह दिव्यांगों के लिए भी अलग से बूथ बनाए गए हैं। जहां सभी कर्मी दिव्यांग हैं।
वोट देने के लिए इन बूथों को आकर्षक ढ़ंग से सजाया गया था। रंगीन गुब्बारे के साथ आकर्षक कपड़ों की सजावट की गई थी। यहां नन्हें-मुन्नों के खेलने के लिए अलग से व्यवस्था की गई थी। यहां स्तनपान कराने वाली महिलाओं के लिए कंपार्टमेंट के साथ ही वोट की प्रतीक्षा में बैठने के लिए शेड भी लगाया गया था।
जिला प्रशासन ने महिला मतदान कर्मियों को बूथों तक ले जाने और वापस लाने, उनके रहने, खाने एवं सुरक्षा के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए थे। इनके लिए अलग से वाहन की व्यवस्था की गई थी। इनकी सुविधाओं का ख्याल रखते हुए शहरी क्षेत्र के बूथों पर ही महिला कर्मियों को लगाने की प्रशासनिक तैयारी की गई थी। सारण की हर विधानसभा क्षेत्र में एक-एक बूथ चिह्नित कर उसे सखी बूथ का स्वरूप दिया गया था।
सारण क्षेत्र में सखी मतदान केंद्र
विस क्षेत्र - बूथ नंबर - बूथ का स्थान - कुल वोटर
मढ़ौरा- 42 - आदर्श मध्य विद्यालय, मढ़ौरा वांया भाग - 696
छपरा- 214 - आंबेदकर ट्रस्ट परिसर, नई बाजार छपरा - 1104
गडख़ा- 208 - बोर्ड मध्य विद्यालय, गडख़ा पश्चिम भाग - 759
अमनौर- 31 - मध्य विद्यालय बलहा, अमनौर विस क्षेत्र - 864
परसा- 12 - मध्य विद्यालय परसा, दक्षिण भाग - 861
सोनपुर- 215 - शिशु संघ मध्य विद्यालय, सोनपुर पूर्वी भाग - 1023
सारण के चार बूथों पर तैनात थे केवल दिव्यांग मतदान कर्मी
जिला प्रशासन ने सहज सारण, सुगम सारण नारे को साकार करने में अनोखी पहल की थी। यहां मतदान के लिए पहली बार चार दिव्यांग बूथ बनाए गए थे। इन चारों मतदान केंद्र पर सभी कर्मी और सुरक्षा बल दिव्यांग ही थे। इन बूथों पर रैंप के साथ ही व्हील चेयर और अन्य साधन उपलब्ध कराए गए थे। सारण क्षेत्र के छपरा विधानसभा में बूथ संख्या-177 राजकीय बुनियादी विद्यालय, गुदरी बाजार दक्षिण भाग, मढ़ौरा विधानसभा में बूथ संख्या-110 बुनियादी विद्यालय, अगहरा दक्षिण भाग, परसा विधानसभा में बूथ संख्या-10 उच्च विद्यालय, परसा दक्षिण भाग तथा सोनपुर विधानसभा के बूथ संख्या-196 मध्य विद्यालय, केशव कन्या नखास लकड़ी बाजार सोनपुर को दिव्यांगजन संचालित बूथ बनाया गया था।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप