कंकड़बाग में मिले गांधी मैदान इलाके के युवक के शव का क्‍या है दरभंगा कनेक्‍शन, अनसुलझी है गुत्‍थी

कंकड़बाग मेंं पाटलीपुत्र स्‍पोर्ट्स कांप्‍लेक्‍स के पीछे मिले युवक के शव की शिनाख्‍त हो गई है। वह गांधी मैदान थाना क्षेत्र में गैराज चलाने वाले का पुत्र था। युवक का मोबाइल व उसकी बाइक दरभंगा से बरामद की गई।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Mon, 29 Mar 2021 01:00 PM (IST) Updated:Mon, 29 Mar 2021 01:00 PM (IST)
कंकड़बाग में मिले गांधी मैदान इलाके के युवक के शव का क्‍या है दरभंगा कनेक्‍शन, अनसुलझी है गुत्‍थी
कौशल हत्‍याकांड की गुत्‍थी सुलझाने में जुटी पुलिस। प्रतीकात्‍मक फोटो

ऑनलाइन डेस्‍क, पटना। कंकड़बाग थाना क्षेत्र में पाटलीपुत्र स्‍पोर्ट्स कॉम्‍प्‍लेक्‍स के पीछे मिले युवक के शव की शिनाख्‍त हो गई है। मृतक गांधी मैदान थाना क्षेत्र के बंपर टोला निवासी रामबाबू का पुत्र कौशल कुमार (22) था। युवक का मोबाइल और उसकी बाइक दरभंगा के एक निजी अस्‍पताल में इलाजरत एक युवक के पास से बरामद की गई। उनमें से एक युवक को कौशल के पिता ने पकड़ लिया। दूसरा भाग निकला। पुलिस यह पता करने में जुटी है कि उसकी हत्‍या क्‍यों की गई। बाइक और मोबाइल लिए युवक दरभंगा कैसे पहुंच गए। 

पिता की ए‍क्जिविशन रोड में है गैराज 

कौशल के पिता रामबाबू बाइक मिस्त्री हैंं। एग्जीविशन रोड में LIC के मेन ब्रांच के बाहर में उनकी दुकान है। कौशल पढ़ाई करने के साथ ही पिता के काम में भी हाथ बंटाता था। कभी-कभी वह भट्‌टाचार्या रोड में अपने चाचा और बड़े भाई की दुकान पर भी चला जाता था। उसके पिता ने बताया कि शनिवार की दोपहर वह दुकान पर ही था। करीब डेढ़ बजे दिन में उसके मोबाइल पर किसी का कॉल आया। उसने पिता से बाइक ली और थोड़ी देर में आने की बात कहकर निकल गया। लेकिन घंटों बीतने के बाद भी वह नहीं लौटा। इसके बाद रामबाबू ने बेटे के मोबाइल पर कॉल किया तो वह स्‍वीच ऑफ था। दोपहर से रात हो गई लेकिन न मोबाइल पर कॉल लगा और न कौशल आया। अनहोनी की आशंका से सहमे पिता गांधी मैदान थाने गए। वहां बेटे के लापता होने की जानकारी पुलिस को दी।  

रात में कॉल कर दी घटना की जानकारी 

वहां से लौटने के बाद करीब साढे़ नौ बजे रात में बेटे के नंबर से कॉल आया। लेकिन कॉल करने वाला उनका कौशल नहीं था। अंजान लड़के की आवाज आई। उसने कहा कि बाइक से जा रहे दो लड़के हादसे में जख्‍मी हाे गए। उनके पास से यह मोबाइल मिला। इसी से आपको कॉल किए हैं। उसने बताया कि दोनों लड़के दरभंगा में भर्ती हैं। रामबाबू रात में ही निकल गए। लेकिन दरभंगा में संबंधित जगह जाने पर उनका बेटा नहीं मिला। दो लड़के कोई और थे। लेकिन मोबाइल व बाइक उनके पास से ही मिली। रामबाबू ने दोनों लड़कों से पूछताछ की लेकिन उनलोगों ने कुछ नहीं बताया।  तब वे दोनों लड़कों को पकड़ कर पटना लाने लगे। लेकिन एक लड़का भाग निकला।

जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस 

उधर कंकड़बाग थाने की पुलिस जांच-पड़ताल कर रही थी तभी उन्‍हें गांधी मैदान थाने में युवक के लापता होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने रामबाबू को घटना की जानकारी दी। गांधी मैदान थाने की पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है। गांधी मैदान थानाध्‍यक्ष ने बताया कि हत्‍या का कारण अब तक पता नहीं चल सका है। आशंका है कि कई युवक इस घटना में शामिल रहे होंगे।  

यह भी पढ़ें- पटना में दोस्‍तों ने चाकू गोदकर युवक को मार डाला, शव को नोंचते कुत्‍तों के शाेर से मिली घटना की खबर

chat bot
आपका साथी