पटना में दोस्तों ने चाकू गोदकर युवक को मार डाला, शव को नोंचते कुत्तों के शाेर से मिली घटना की खबर
कंकड़बाग थाना क्षेत्र के पाटलीपुत्र स्टेडियम के पीछे से रविवार को एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया। चाकू घोंपकर उसकी हत्या की गई है। पुलिस को आशंका है कि दोस्तों के साथ खाने-पीने के दौरान हुए विवाद में यह घटना हुई है।
पटना, जागरण संवाददाता। राजधानी के कंकड़बाग इलाके में शनिवार रात एक युवक की हत्या कर दी गई। उसका शव रविवार सुबह पाटलीपुत्र खेल परिसर ( Patliputra sports complex) के पीछे से बरामद किया गया। चाकू गोदकर उसकी हत्या की गई है। अभी तक शव की पहचान नहीं हो सकी है। उसकी उम्र करीब 25 वर्ष के आसपास बताई जाती है। इधर शव मिलने से सनसनी फैल गई है। आशंका है कि दोस्तों ने ही उसकी हत्या की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच (Patna Medical College and Hospital) भेज दिया है। खास बात यह है कि लाेगों की घटनास्थल पर पड़े शव पर नजर तब गई, तब उसे नोंचते कुत्ते शोर कर रहे थे।
कुत्ते नोच रहे थे शव तब पड़ी लोगों की नजर
बताया जाता है कि पाटलीपुत्र स्टेडियम के पीछे काफी संख्या में पाइप रखे हुए हैंं। उन्हीं पाइप के बीच में शव पड़ा था। कुत्ते जब शव को नोंचने लगे, तब लोगों की नजर पड़ी। इसके बाद कंकड़बाग थाने में सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पाेस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया। थानाध्यक्ष रविशंकर सिंह ने बताया कि उन्हें सुबह करीब नौ बजे के आसपास शव फेंके जाने की सूचना मिली। तत्काल पुलिस टीम को वहां भेजा गया। मृतक के शरीर पर तेज धारदार हथियार के पांच-छह जख्म हैं। आशंका है कि उसके दोस्तों ने ही खाने-पीने के बहाने बुलाकर उसकी हत्या कर दी और शव को यहां ठिकाने लगा दिया। वैसे शव की शिनाख्त होने के बाद ही पूरा मामला सामने आ पाएगा।
स्टेडियम के पास बढ़ी आपराधिक घटनाएं
इधर स्थानीय लोगोंं ने बताया कि हाल के दिनों में स्टेडियम के आसपास आपराधिक घटनाएं काफी बढ़ गई हैं। रात में इस क्षेत्र में सन्नाटा पसरा रहता है। लेकिन पुलिस की गश्ती गाड़ियां भी नहीं गुजरती हैं। इससे अपराधियों का हौसला बुलंद रहता है। लोगों को यह आशंका भी है कि लूटपाट के दौरान युवक की हत्या हुई है। हालांकि पुलिस ऐसा नहीं मानती। प्रेम प्रसंग में भी हत्या के कयास लगाए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस सबसे पहले युवक की पहचान के प्रयास में जुटी है। थानाध्यक्ष ने दावा किया कि जल्द ही मामले का पर्दादाफा कर दिया जाएगा।