छेड़खानी के विवाद में हाजीपुर में हिंसक झड़प व फायरिंग, पुलिस पर उग्र भीड़ ने कर दिया हमला

छेड़खानी के विरोध में हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र में दो पक्षों में जमकर रोड़ेबाजी एवं फायरिंग। नगर थाना की पुलिस टीम पर उग्र लोगों ने हमला बोल दिया। पुलिस की गाड़ी को किया क्षतिग्रस्त। एसडीपीओ के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस मौके पर कर रही कैंप

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Thu, 01 Jul 2021 12:33 PM (IST) Updated:Thu, 01 Jul 2021 12:44 PM (IST)
छेड़खानी के विवाद में हाजीपुर में हिंसक झड़प व फायरिंग, पुलिस पर उग्र भीड़ ने कर दिया हमला
हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र में बवाल के दौरान फेंके गए ईंट के टुकड़े। जागरण

हाजीपुर, जागरण संवाददाता। हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र के रामभद्र मोहल्ले में गुरुवार को छेड़खानी (Molestation) के विरोध में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते दोनों ओर से पथराव होने लगा। इस दौरान फायरिंग की बात भी सामने आ रही है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस पर भी लोगों ने पथराव कर दिया। इसके बाद कई थानों की पुलिस पहुंची। इसके बाद उपद्रवी भागे। वहां स्थिति तनावपूर्ण बनी है। पुलिस कैंप कर रही है। 

थाने में शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई 

बताया जाता है कि एक लड़की के साथ पहले छेड़खानी की घटना हुई थी। इसकी शिकायत थाने में की गई थी। स्‍थानीय स्‍तर पर भी इसको लेकर पहल की गई। आरोप है कि थाने में शिकायत के बावजूद न पुलिस ने एक्‍शन लिया और न मनचलों का हौसला कमजोर पड़ा। आज सुबह फिर लड़की के साथ वैसी ही घटना हुई। इस घटना ने आग में घी का काम किया। इसके बाद दोनों पक्षों में पथराव शुरू हो गया। बताया जाता है कि इस दौरान दोनों पक्षों ने जमकर हवाई फायरिंग भी की। करीब आधे घंटे के लिए पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।

(घटनास्‍थल पर कैंप करती पुलिस। )

पथराव में पुलिस की गाड़ी  क्षतिग्रस्‍त

घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना के पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन पुलिस को देख लोग और उग्र हो गए। पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। पथराव में पुलिस की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। हालात बिगड़ते देख मौके पर सदर एसडीपीओ राघव दयाल पहुंचे। कई थानों की पुलिस को बुलाया गया। इसके बाद स्थिति कुछ नियंत्रित हुआ। पुलिस अधिकारी और स्‍थानीय प्रबुद्ध लोग मामल को शांत कराने के प्रयास में जुटे हैं। फिलहाल वहां एसडीपीओ के नेतृत्‍व में पुलिस कैंप कर रही है। घटना में दोनों पक्षों के एक दर्जन लोग घायल हैं। पुलिस उपद्रवियों की शिनाख्‍त में जुट गई है।  

यह भी पढ़ें- पटना में आरोपित को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम को बंधक बनाकर पीटा, थानेदार समेत छह जवान जख्‍मी  

chat bot
आपका साथी