बिहारः पिता के रिश्ता तोड़ने पर बंगाल की लड़की खुद पहुंच गई लड़के के घर, तय तारीख से पहले रचा ली शादी

प्रेम संबंधों के बीच लड़के-लड़की द्वारा भाग कर शादी रचाने की घटनाएं अक्सर सुनने में आती रहती हैं पर बक्सर में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसमें माता-पिता द्वारा तय किए गए रिश्ते को तोड़ देने के बाद लड़की खुद ही अपने लड़के वालों के घर पहुंच गई।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Mon, 19 Jul 2021 05:32 PM (IST) Updated:Mon, 19 Jul 2021 05:32 PM (IST)
बिहारः पिता के रिश्ता तोड़ने पर बंगाल की लड़की खुद पहुंच गई लड़के के घर, तय तारीख से पहले रचा ली शादी
बिहार बक्सर में पिता के रिश्ता तोड़ने पर लड़की खुद लड़के के घर पहुंच गई। प्रतीकात्मक तस्वीर।

संवाद सहयोगी, चक्की (बक्सर): प्रेम संबंधों के बीच लड़के-लड़की द्वारा भाग कर शादी रचाने की घटनाएं अक्सर सुनने में आती रहती हैं पर बक्सर में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें माता-पिता द्वारा तय किए गए रिश्ते को तोड़ देने के बाद लड़की खुद ही अपने लड़के वालों के घर पहुंच गई। स्थानीय मुखिया की मौजूदगी में ईश्वर को साक्षी मानकर मंदिर में शादी रचा ली।

रविवार को जिले के चक्की प्रखंड अंतर्गत अरक गांव में माता पिता के इनकार के बावजूद लड़की स्वयं ही अपने होने वाले दूल्हे के घर शादी रचाने पहुंच गई। बताया जाता है कि अरक गांव निवासी राम अवतार सिंह ने बताया कि उनके पुत्र दिनेश कुमार सिंह की शादी भोजपुर के फुहा गांव निवासी तारक नाथ सिंह की पुत्री प्रिया के साथ तय हुई थी। सबकुछ तय होने के बाद शादी की तारीख भी जनवरी 2022 में तय कर दी गई थी। पिता ने बताया कि उनका पुत्र दिनेश विदेश की एक कंपनी में काम करता है। कुछ दिन पहले छुट्टी में जब गांव आया था तब लड़का लड़की दोनों आपस में एक दूसरे से मिलकर बातचीत के बाद शादी के लिए मन बना चुके थे। इसी बीच किसी बात को लेकर अचानक शादी की मध्यस्थता निभा रहे व्यक्ति ने शादी करने से इनकार कर दिया। हालांकि, इसके बावजूद लड़का-लड़की दोनों शादी के लिए राजी थे। लड़की को जैसे ही इस बात की जानकारी मिली कि जहां शादी हो रही थी अब वहां नहीं होगी उसने पिता से इस बात का विरोध किया। पिता अपनी जिद पर अड़े रहे। आखिरकार खुद ही कठोर निर्णय लेते हुए पारिवारिक बंदिशों को तोड़ लड़की अरक के लिए निकल पड़ी और पहुंच गई होने वाले साजन के घर।

दुल्हन को दरवाजे पर खड़ा देख चौक गए घरवाले

प्रिया जैसे ही अरक होने वाले अपने दूल्हे के दरवाजे पर जाकर खड़ी हुई कि घरवाले उसे दरवाजे पर खड़ा देख चौंक पड़े और पूरे मान सम्मान के साथ उसे अंदर ले गए। घरवालों ने तुरंत इस बात की जानकारी स्थानीय मुखिया मालती देवी के साथ ही गांव के मानिंद लोगों को दी और उनकी राय पूछी कि आगे क्या किया जाए। इस बीच सर्व सम्मति से ग्रामीणों और मुखिया की मौजूदगी में शनिवार को श्रीनाथ बाबा विकास सेवा ट्रस्ट बलिया के मंदिर परिसर में दोनों की हिंदू रीति रिवाज के अनुसार विवाह संपन्न कराया गया। इस मौके पर मुखिया मालती देवी के साथ ही समाजसेवी राजू सिंह, सत्यदेव सिंह, त्रिभुवन सिंह, रघुनायक सिंह, अजीत सिंह आदि अनेक गांव के संभ्रांत व्यक्ति इस शादी के साक्षी बने।

केस में फंसाने की मिल रही धमकी

इस संबंध में लड़के के पिता रामअवतार सिंह ने बताया कि शादी संपन्न हो जाने की सूचना मिलने के बाद अपने पूरे परिवार के साथ प. बंगाल के दुर्गाापुर जिला के अमरपुर बेनी में रह रहे लड़की के पिता बार-बार फोनकर केस में फंसाने की धमकी दे रहे हैं तथा कह रहे हैं कि मेरी लड़की को वापस भेज दो, अन्यथा अपहरण के केस में फंसा देंगे। उनका आरोप है कि उनकी पुत्री को बहला फुसलाकर धोखे से शादी रचाई ली गई है, जबकि वो अपनी बेटी के लिए इस रिश्ते को तोड़ चुके थे।

chat bot
आपका साथी