नीतीश कुमार से मिले केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह, राज्यसभा उम्मीदवारी को लेकर कयास तेज

केंद्रीय इस्पात मंत्री आरसीपी सिंह देर शाम मुख्यमंत्री से मिले। मुख्यमंत्री के साथ उनकी मुलाकात में राज्यसभा की उम्मीदवारी के बारे में उन्हें दल के स्टैंड से अवगत करा दिया गया है। आरसीपी लगभग एक घंटे तक मुख्यमंत्री आवास में रहे।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Thu, 26 May 2022 08:39 PM (IST) Updated:Thu, 26 May 2022 08:39 PM (IST)
नीतीश कुमार से मिले केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह, राज्यसभा उम्मीदवारी को लेकर कयास तेज
केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह, सीएम नीतीश कुमार और जदयू अध्यक्ष ललन सिंह। जागरण आर्काइव।

राज्य ब्यूरो, पटना। जदयू से राज्यसभा की उम्मीदवारी को लेकर किस्म-किस्म के कयासों के बीच केंद्रीय इस्पात मंत्री आरसीपी सिंह देर शाम मुख्यमंत्री से मिले। मुलाकात के बारे में आरसीपी सिंह ने कुछ भी बताने से इनकार दिया। वह लगभग एक घंटे तक मुख्यमंत्री आवास में रहे। यह कहा जा रहा कि मुख्यमंत्री के साथ उनकी मुलाकात में राज्यसभा की उम्मीदवारी के बारे में उन्हें दल के स्टैंड से अवगत करा दिया गया है। आरसीपी सिंह के मुख्यमंत्री आवास पहुंचने के लगभग आधे घंटे बाद जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह भी मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। ऐसी सूचना है कि मुख्यमंत्री व जदयू प्रदेश अध्यक्ष के साथ आरसीपी सिंह की कुछ देर चर्चा हुई। इसके बाद आरसीपी सिंह मुख्यमंत्री आवास से निकल गए।

राजद द्वारा राज्यसभा प्रत्याशी के नाम के ऐलान के बाद ऐसी चर्चा है कि अगले एक-दो दिनों में जदयू भी अपने प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर देगा। पिछले दिनों जदयू के विधायकों व मंत्रियों की बैठक में प्रत्याशी का नाम चयन किए जाने को ले मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया था। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा है कि प्रत्याशी का नाम तय करने पर मुख्यमंत्री को फैसला लेना है। मुख्यमंत्री से मिलने के पूर्व आरसीपी ने पार्टी के कुछ लोगों को कहा है कि अब दल को यह तय करना है कि पार्टी के लिए उन्होंने क्या काम किए हैं। वैसे उनके समर्थकों के बीच गुरुवार को बहुत उत्साह नहीं दिखा। 

पार्टी को यह निर्णय करना है कि जदयू के लिए मैंने क्या किया

केंद्रीय इस्पात मंत्री आरसीपी सिंह ने गुरुवार को कहा कि उन्होंने हमेशा जदयू कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए काम किया है। अब पार्टी को यह निर्णय करना है कि जदयू के लिए मैंने क्या किया। अपने आवास पर जदयू कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान उन्होंने यह बात कही। आरसीपी ने कहा कि आरंभ से ही उन्होंने जदयू के संगठन के विस्तार का काम किया। पार्टी को कैसे बूथ स्तर तक पहुंचाया जाए, इसके लिए पूरी लगन के साथ काम को अंजाम दिया। पार्टी के संगठन महासचिव व राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में बिहार में घूम-घूम कर कार्यकर्ताओं के सुख-दुख में शामिल हुआ। अब जदयू कैडर आधारित पार्टी बनकर अन्य दलों से मजबूत स्थिति में है। आरसीपी ने कहा कि जदयू के कार्यकर्ता अफवाह पर ध्यान नहीं देकर पार्टी के विकास में जुटें। दल के कार्यकर्ताओं के सम्मान पर वे आंच नहीं आने देंगे। 

chat bot
आपका साथी