Lok Sabha Election 2019: साठा उम्मीदवारों का है जलवा, कई 70 पार, 50 की भी है भरमार

बिहार में इस बार लोकसभा चुनाव में युवा उम्मीदवार कम और पचास साल से ज्यादा उम्मीदवारों की भरमार है। पचास ही नहीं सत्तर साल से ज्यादा उम्र के भी उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

By Kajal KumariEdited By: Publish:Fri, 22 Mar 2019 06:37 PM (IST) Updated:Sat, 23 Mar 2019 11:01 AM (IST)
Lok Sabha Election 2019: साठा उम्मीदवारों का है जलवा, कई 70 पार, 50 की भी है भरमार
Lok Sabha Election 2019: साठा उम्मीदवारों का है जलवा, कई 70 पार, 50 की भी है भरमार

पटना [भुवनेश्वर वात्स्यायन]। साठा उम्मीदवार यानी साठ के पार वाले उम्मीदवार इस बार भी चुनावी मैदान में बड़े स्तर पर अपना जलवा दिखा रहे। साठ तो साठ कई तो सत्तर पार वाले हैैं। सत्तर पार के बाद भी अपनी उम्मीदवारी को तय करा लिया है। पचास से ऊपर के उम्मीदवारों की संख्या तो पूछिए मत। 'युवा भारत की तकदीर' का नारा गुम है। कुछ युवा चुनावी समर में हैैं भी तो परिवारवाद की वजह से।

साठा की लंबी कतार

आहिस्ता-आहिस्ता एनडीए और महागठबंधन दोनों के प्रत्याशियों की सूची सामने आ गई है। इन्हें देखें तो साठा उम्मीदवारों की कतार काफी लंबी नजर आती है। पटना से ही शुरू कर लीजिए। पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र से अब यह तय है कि केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद और बिहारी बाबू यानी शत्रुघ्न सिन्हा आमने-सामने रहेंगे।

एनडीए प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरने वाले रविशंकर प्रसाद कि उम्र लगभग 65 वर्ष की है और वहीं उनके सामने महागठबंधन की ओर से चुनाव मैदान में उतरने वाले शत्रुघ्न सिन्हा की उम्र 72 वर्ष की है। पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र से इस बार भी 62 वर्षीय रामकृपाल यादव एनडीए के उम्मीदवार होंगे। 

पटना के आगे बढ़ें तो मुंगेर लोकसभा क्षेत्र से 64 वर्षीय राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह जदयू की टिकट पर एनडीए के प्रत्याशी होंगे।  नालंदा से मैदान में उतरने वाले कौशलेंद्र कुमार भी साठ पार कर चुके हैैं। हाजीपुर से लोजपा की टिकट पर मैदान में उतर रहे पशुपति कुमार पारस भी साठ से ऊपर के हो चुके हैैं।

आरा से भाजपा की टिकट पर केंद्रीय मंत्री राजकुमार सिंह पुन: चुनाव मैदान में होंगे। वे 66 वर्ष के हैैं। इसी तरह बक्सर से जीते केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे की उम्र भी 66 है। वह पुन: इस बार मैदान में होंगे।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह की उम्र भी 66 की हो चुकी है। वह बेगूसराय से मैदान में होंगे। राधामोहन सिंह 69 वर्ष के हो चुके हैैं। उन्हें भी पुन: मैदान में लाया जा रहा। शिवहर सांसद रमा देवी की उम्र भी 69 की हो चुकी है।

सत्तर पार कर चुके भी नजर आएंगे चुनावी जंग में

इस बार के चुनावी जंग में सत्तर की उम्र पार कर चुके प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में नजर आएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी हम की टिकट पर गया से महागठबंधन के उम्मीदवार होंगे। उनकी उम्र 74 वर्ष हैै। सासाराम (सुरक्षित) लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस की टिकट पर मीरा कुमार का मैदान में आना तय माना जा रहा। उनकी उम्र 73 वर्ष है।

पचास पार की तो भरमार

इस बार के चुनावी जंग में पचास पार के उम्मीदवारों की तो भरमार है। इनमें नित्यानंद राय, राजीव प्रताप रुडी, रामचंद्र पासवान, अजय निषाद, पप्पू यादव सुशील कुमार सिंह आदि शामिल हैैं।

chat bot
आपका साथी