छत पर खड़े होकर शादी का जश्न देखना विवाहिता को पड़ा महंगा, हर्ष फायरिंग में गंवा दी जान

पटना में बुधवार की रात घर के नीचे आई बारात देखना एक विवाहिता को महंगा पड़ा। अचानक हर्ष फायरिंग हुई और गोली महिला की कनपटी पर जा लगी। जिससे उसकी मौत हो गई।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Thu, 06 Feb 2020 11:12 AM (IST) Updated:Thu, 06 Feb 2020 10:16 PM (IST)
छत पर खड़े होकर शादी का जश्न देखना विवाहिता को पड़ा महंगा, हर्ष फायरिंग में गंवा दी जान
छत पर खड़े होकर शादी का जश्न देखना विवाहिता को पड़ा महंगा, हर्ष फायरिंग में गंवा दी जान

पटना, जेएनएन। आलमगंज थाना क्षेत्र के बड़ी पटनदेवी मोहल्ले में बुधवार की रात छत पर खड़ी होकर बरात देख रही महिला की गोली लगने से मौत हो गई। मृतका की पहचान विजय कुमार चौधरी की 40 वर्षीय पत्नी किरण देवी के रूप में हुई है। महिला कई लोगों के साथ अपने घर की छत पर खड़े होकर बारात देख रही थी उसी समय घटना हुई। हादसे के बाद मृतक के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हवाई फायरिंग में कनपटी में लगी गोली

जानकारी के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे पटनदेवी मोहल्ले से बरात गुजर रही थी। मोहल्ले के लोग छत पर खड़े होकर बरात देख रहे थे। इसी बीच बरात में किसी ने हवाई फायरिंग की जो छत पर खड़ी किरण देवी की कनपटी में लग गई।

गंभीर अवस्था में महिला को एनएमसीएच में कराया भर्ती

महिला को गंभीर हालत में नालंदा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एनएमसीएच) में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अस्पताल पहुंचकर मामले की तफ्तीश में जुट गई है। बरात किसकी थी, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गुजर रही बारात की हो रही पहचान

आलमगंज थाना पुलिस स्वजनों से पूछताछ कर रही है। थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि सीसीटीवी के आधार पर गुजर रही बरात की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना में शामिल आरोपितों की पहचान कर ली जाएगी।

मृतक के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल

बता दें कि हर्ष फायरिंग के दौरान मौत होने की यह कोई पहली घटना नहीं है। इसके पहले भी बाढ़, मोकामा, बख्तियारपुर और दानापुर जैसे इलाकों में हर्ष फायरिंग की घटना घट चुकी है। इधर, महिला की मौत के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। किसी ने ये सोचा नहीं था कि दूसरे की शादी किसी के घर में मातम लेकर आएगी।

chat bot
आपका साथी