कश्मीर की ठंड से ठिठुरा बिहार, कोहरे के कारण कई ट्रेनें रद, कई रिशिड्यूल

कश्मीर से आ रही ठंड से बिहार सहित पूरा उत्तर बिहार ठिठुर रहा है। घने कोहरा के कारण कई ट्रेनें रद तो कई रिशिड्यूल की गई हैं। ठंड अभी और बढ़ने की उम्मीद है।

By Amit AlokEdited By: Publish:Fri, 09 Dec 2016 08:08 AM (IST) Updated:Fri, 09 Dec 2016 10:47 PM (IST)
कश्मीर की ठंड से ठिठुरा बिहार, कोहरे के कारण कई ट्रेनें रद, कई रिशिड्यूल

पटना [जेएनएन]। जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी से बिहार सहित पूरे उत्तर भारत में ठंड का कहर गहरा गया है। जगह-जगह कोहरे के कारण यातायात भी प्रभावित हो गया है। कई ट्रेनें विलंब से चल रही हैं तो कई को रद कर दिया गया है। फ्लाइट्स भी प्रभावित हैं।

पटना की हवा में नमी की मात्रा करीब 95 फीसद पहुंच गई है। इसी कारण पटना और आसपास के इलाके में इस कदर ठिठुरन है, अन्यथा पारा बहुत नहीं गिरा है। गुरुवार को यहां न्यूनतम तापमान 12.2 और अधिकतम 21.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। ठंड आज और बढ़ने की उम्मीद है।

रविवार से पहले घने कोहरे से भी निजात की कोई संभावना भी नहीं। दरअसल, बुधवार आधी रात से ही वातावरण में कोहरे की मोटी परत जम गई थी। रूई के फाहों-सी धुंध उड़ रही थी और हवा में नमी ज्यादा। सिहरन बढ़ती ही गई। सुबह के समय तक गलन की नौबत थी।

आज गिरेगा पारा

मौसम विभाग के अनुसार 10 दिसंबर तक सुबह में घना कोहरा छाया रहेगा। संभव है कि दोपहर में धूप हो। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

गया रहा सबसे सर्द

गुरुवार को सूबे में सबसे सर्द गया रहा, जहां न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। अधिकतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा सबौर और सुपौल में भी दूसरी जगहों की तुलना में ज्यादा ठंड पड़ी।

सावधान! दिल व डायबिटीज के मरीजों के लिए जानलेवा हो सकती ठंड

ठंड तोड़ेगी रिकार्ड

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक इस बार की ठंड पिछले कई सालों का रिकाॅर्ड तोड़ेगी। अगले दो दिनों तक कोहरा व ठंड में कमी नहीं होगी, क्योंकि, कहीं भी कोई सिस्टम डेवलप नहीं हो रहा है, जिससे बारिश हो और कोहरे से राहत मिले. अधिकतम तापमान अप-डाउन होता रहेगा।

कई ट्रेनें रिशिड्यूल, कई लेट

कोहरे का सबसे ज्यादा असर ट्रेनों के परिचालन पर पड़ा है। राजेंद्र नगर टर्मिनल व पटना जंकशन से खुलने वाली छह ट्रेनों को रिशिड्यूल किया गया हे। इनमें राजधानी, संपूर्ण क्रांति, मगध, कैपिटल और राजेंद्र नगर-बांका एक्सप्रेस गुरुवार के बदले शुक्रवार की सुबह रवाना की गईं। दिल्ली, अमृतसर, श्रीगंगानगर, मुंबई और कोटा से आने वाली सभी ट्रेनें घंटों विलंब से चल रही हैं।

स्थिति यह है कि संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस 13 घंटा 30 मिनट, तो विक्रमशिला एक्सप्रेस 18 घंटे विलंब से जंकशन पहुंची। जम्मूतवी से बुधवार की शाम आठ बजे खुलने वाली अर्चना एक्सप्रेस रद कर दी गयी, जिससे गुरुवार की रात अर्चना एक्सप्रेस जंकशन नहीं पहुंची।

विलंब से खुली राजधानी

दिल्ली से पटना आने वाली राजधानी, संपूर्ण क्रांति, विक्रमशिला, श्रमजीवी आदि एक्सप्रेस ट्रेनें घंटों विलंब से जंक्शन पहुंचीं। विलंब से जंकशन पहुंचने के कारण गुरुवार की शाम खुलने वाली ट्रेनें रिशिड्यूल की गयीं। गुरुवार को खुलने वाली राजधानी एक्सप्रेस शुक्रवार की सुबह 6:30 बजे रवाना की गई। संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस भी शुक्रवार की सुबह 6:00 बजे राजेंद्रनगर टर्मिनल से रवाना की गई।

भागलपुर के पास टूटे ट्रैक से गुजर गई डिब्रूगढ़ राजधानी, टला बड़ा हादसा

ये ट्रेनें की गयीं रिशिड्यूल

- राजधानी एक्सप्रेस (शाम 7:00 बजे के बदले सुबह 6:30 बजे)

- संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस (शाम 5:35 बजे के बदले सुबह 6:00 बजे)

- मगध एक्सप्रेस (शाम 6:10 बजे के बदले सुबह 5:00 बजे)

- पटना-हाटिया एक्सप्रेस (दिन 11:40 बजे के बदले शाम 5:00 बजे)

- कैपिटल एक्सप्रेस (रात्रि 10:45 बजे के बदले सुबह 9:00 बजे)

- राजेंद्र नगर-बांका एक्सप्रेस (रात्रि 11:25 बजे के बदले सुबह 5:00 बजे)

chat bot
आपका साथी