साक्षी ने कहा : रावण कुल से हैं रघुवंश, बोले गिरिराज : बौराया राजद का कुनबा

राजद नेता रघुवंश प्रसाद के ऋषि-मुनि के गोमांस खाने वाले बयान पर भाजपा नेता साक्षी महाराज ने कहा है कि लगता है कि रघुवंश "रघु वंश" (श्रीराम के वंश) के नहीं, रावण के वंश के हैं। उधर, भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने कहा कि राजद का कुनबा बौरा गया है।

By Amit AlokEdited By: Publish:Sat, 10 Oct 2015 11:05 AM (IST) Updated:Sun, 11 Oct 2015 10:41 AM (IST)
साक्षी ने कहा : रावण कुल से हैं रघुवंश,  बोले गिरिराज : बौराया राजद का कुनबा

पटना। राजद नेता रघुवंश प्रसाद के ऋषि-मुनि के गोमांस खाने वाले बयान पर भाजपा नेता साक्षी महाराज ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा है कि लगता है कि रघुवंश "रघु वंश" (श्रीराम के वंश) के नहीं, रावण के वंश के हैं। उधर, भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने कहा कि राजद का पूरा कुनबा बौरा गया है। इस बीच गाेमांस वाले रघुवंश प्रसाद के बयान को लेकर दरभंगा में उनपर मुकदमा दायर किया गया है।

बोले गिरिराज...

भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने पूछा कि लालू प्रसाद व रघुवंश प्रसाद बौरा गए हैं। गिरिराज सिंह ने ट्वीट कर कहा, ''नीतीश और लालू जानबूझकर हिंदू को गाली दे रहे हैं। पहले लालू, फिर रघुवंश ने हिंदुओं के गोमांस खाने की बात कही। इस पर नीतीश की चुप्पी से सिद्ध होता है कि हिंदू को जबरन गोमांस खिलाया जाएगा।''

गिरिराज सिंह ने कहा, "गोमांस पर इतनी ही बेचैनी है, तो नीतीश-लालू इसे मेनिफेस्टो में शामिल क्यों नहीं कर लेते?" इसके पहले शुक्रवार को गिरिराज ने गाय और बकरी की तुलना पत्नी और बहन से की थी। कहा था कि बकरी और गाय में हमारी भावना और धर्म उसी तरह से हैं, जैसे हमारी बहन और हमारी पत्नी पूज्य हैं। हां, दोनों के साथ भावनात्मक संबंध अलग-अलग हैं।

गिरिराज ने कहा, लालू कहते हैं कि जो बकरी का मीट खाता है, वो गाय का मीट खाएगा। यह कहना हास्यास्पद है।

रघुवंश पर मुकदमा

शुक्रवार को राजद नेता रघुवंश प्रसाद ने कहा था कि गोमांस को लेकर विवाद अनावश्यक है। वेद-पुराणों में जिक्र है कि ऋषि-मुनि भी बीफ खाते थे। उन्होंने कहा, जो बातें हमारे वेदों में लिखी गई है, उन्हें झुठलाकर इतना विवाद करना गलत है। रघुवंश के इस बयान के बाद शनिवार को दरभंगा सीजेएम कोर्ट में विजय कुमार चौधरी नामक व्यक्ति ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।

VIDEO : देखिए गोमांस को लेकर रघुवंश प्रसाद का बयान

लालू के बयान से गरमाई राजनीति विदित हो कि राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने दादरी में गोमांस खाने के शक में हुई हत्या पर विवादास्पद बयान दिया था। लालू ने कहा था कि हिंदू भी गोमांस खाते हैं। जो लोग मांस खाते हैं, वे सभ्य नहीं होते। गरीब अपनी भूख मिटाने के लिए मांस खाते हैं। गोमांस और बकरे के मांस में अंतर नहीं है।

लालू के इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में भूचाल आ गया। एनडीए नेताओं ने उन्हें इस मुद्दे पर ही घेरना शुरू कर दिया। बिहार के कुछ जिलों में लालू के खिलाफ इस बयान पर रिपोर्ट भी दर्ज करवा दी गई। मामला बढ़ने पर लालू प्रसाद यादव ने कहा, मेरी जुबान पर शैतान बैठ गया था, जिसकी वजह से ऐसा बयान दे दिया।

इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपनी हाल की रैलियों में निशाना साधना शुरू कर दिया। नरेंद्र मोदी ने कहा, बिहार में हमारी लड़ाई शैतान से है। उन्होंने रैली को संबोधित करते हुए लालू से प्रश्न किया कि आखिर शैतान को उनका ही पता कैसे मिल गया।

बिहार के बाहर हो रही बयानबाजी पर डालते हैं एक नजर...

1. साक्षी महाराज ( भाजपा सांसद) : गाय हमारी माता है और मां की हत्या करने वालों से निपटने के लिए हम मरने-मारने को तैयार हैं। गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाए और हत्यारों को फांसी दी जाए। यूपी के मंत्री आजम खान पाकिस्तानी हैं।

2. आजम खान (मंत्री, उत्तर प्रदेश) : बीजेपी और आरएसएस के लोगों को उन फाइव स्टार होटलों को भी बाबरी मस्जिद की तरह गिरा देना चाहिए, जहां गोमांस परोसा जाता है। दादरी मामले की शिकायत यूनाइटेड नेशन्स में करेंगे।

3. साध्वी प्राची (विहिप नेता) : एक ओर गणेश विसर्जन को लेकर यूपी सरकार साधु-संतों पर लाठियां चलवाती है, दूसरी तरफ गोमांस खाने वाले परिवार को बुलाकर 45 लाख रुपए देती है। अखलाक की हत्या आपसी रंजिश की वजह से हुई है।

4. संगीत सोम (भाजपा विधायक) : यूपी सरकार गाय काटने वालों को हवाई जहाज में बैठाकर लखनऊ ले जाती है और 50 लाख रुपए भी देती है। अखलाक की हत्या सांप्रदायिक नहीं, एक सामान्य अपराध है।

5. श्रीचंद शर्मा (भाजपा नेता) : हिंदू समुदाय गाय की पूजा करता है। गोवध देखकर किसका खून नहीं खौलेगा?

chat bot
आपका साथी