वाहन जांच के नाम पर वसूली कर रही पुलिस की दबंगई, महिला को पीटा, बवाल

पटना सिटी । अगमकुआं थाना क्षेत्र के जीरो माइल के समीप से मंगलवार को रांची से समस्तीपुर जा रही पिकअप

By JagranEdited By: Publish:Tue, 04 Dec 2018 11:40 PM (IST) Updated:Tue, 04 Dec 2018 11:40 PM (IST)
वाहन जांच के नाम पर वसूली कर रही पुलिस की दबंगई, महिला को पीटा, बवाल
वाहन जांच के नाम पर वसूली कर रही पुलिस की दबंगई, महिला को पीटा, बवाल

पटना सिटी । अगमकुआं थाना क्षेत्र के जीरो माइल के समीप से मंगलवार को रांची से समस्तीपुर जा रही पिकअप वैन को यातायात पुलिस ने रोका। वैन जांच के नाम पर मोटी रकम वसूलने के बाद मांगे गए और रुपये नहीं देने पर पुलिस कर्मियों ने दबंगई दिखाई। वैन पर बैठी महिला को पीट दिया। पूरा परिवार बेटी की शादी के लिए वैन से सामान लेकर जा रहा था। पुलिस की वसूली और दबंगई देख स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। लोगों ने जमकर बवाल काटा। आक्रोशित नागरिकों ने एनएच जाम कर पुलिस चेकपोस्ट में जमकर तोड़फोड़ तथा पथराव किया। इस दौरान एनएच पर दोनों ओर से वाहनों की लंबी कतार लग गई।

हंगामा की सूचना पाकर पहुंचे यातायात पुलिस अधीक्षक प्रकाश कुमार मिश्र ने जांच के पश्चात दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई का भरोसा दिया। लोगों को समझा-बुझा कर भीड़ को नियंत्रित किया गया। यातायात अधीक्षक ने बताया कि परिजनों ने अगमकुआं थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस दौरान पहुंचे विभिन्न थानों के थानाध्यक्ष व अन्य पुलिस पदाधिकारियों को भी नागरिकों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। अगमकुआं थानाध्यक्ष अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि बवाल काटने के मामले में लड़की के पिता अमरनाथ तिवारी समेत 50 अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। - वाहन पर लदा था शादी का सामान

पिकअप वैन पर सवार रांची के मिथिलेश कुमार तिवारी ने बताया कि वे परिवार के सदस्यों के साथ पिकअप वैन संख्या जेएच-01 सीटी-0368 से बहन की शादी समारोह के लिए रांची से समस्तीपुर जा रहे थे। बहन का तिलक 13 व शादी 15 को है। पिकअप वैन पर बहन की शादी का सामान लदा था। जब वाहन जीरो माइल के पास पहुंचा तो उजली वर्दी पहने यातायात पुलिसकर्मी ने वाहन रोका। यातायात पुलिस ने वाहन को ओवरलोड बता 16 हजार जुर्माना मांगा। 10 हजार देने के बाद यातायात पुलिसकर्मी छह हजार रुपये और दिए जाने की मांग करने लगे। श्री तिवारी का आरोप है कि छह हजार नहीं दिए जाने का विरोध किया तो यातायात पुलिस के तीन जवान उससे व चालक से मारपीट करने लगे। 50 वर्षीया मां चंदा देवी ने बताया कि उन्होंने यातायात पुलिस के पांव पकड़ गुहार लगाई कि बेटी की शादी है। घरेलू सामान के लिए छह हजार और कहां से दें? मां का आरोप है कि यातायात पुलिस ने उन्हें लात से धक्का मार कपड़े फाड़ दिए। उनके व बेटे के गले की चेन भी छीन ली। - इंसाफ के लिए तिवारी परिवार सड़क पर बैठ गया

पुलिस ज्यादती के खिलाफ विरोध कर रहे तिवारी परिवार सड़क पर बैठ कर इंसाफ की मांग करने लगे। वहीं यातायात पुलिस की दबंगई देख स्थानीय नागरिकों का आक्रोश फूट पड़ा। उग्र नागरिकों ने अवैध वसूली करने वाले यातायात पुलिसकर्मियों की लात-मुक्का से धुनाई शुरू कर दी। नागरिकों के तेवर देख पुलिसकर्मी माफी मांगते हुए भागते दिखे। - चेकपोस्ट में तोड़फोड़, बाइक क्षतिग्रस्त

उग्र नागरिकों ने जीरो माइल पर लगे मे आई हेल्प यू चेकपोस्ट में तोड़फोड़ शुरू कर दिया। इस दौरान लोगों ने पुलिस की बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया। लोगों द्वारा बाइक में आग लगाने के प्रयास को पीड़ित परिजनों ने विफल कर दिया। जाम के कारण एनएच पर भीषण जाम लग गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम का असर गांधी सेतु पर भी दिखा। लगभग एक घंटे तक नागरिकों ने बवाल काटा। गांधी सेतु से भी लोग तमाशबीन बन वीडियो बनाते रहे। - एसपी बोले-पोस्ट पर तैनात यातायात पुलिसकर्मी बदले जाएंगे

यातायात पुलिस अधीक्षक प्रकाश कुमार मिश्र ने घटनाक्रम की जांच के पश्चात बताया कि तेज गति से जा रहे ओवरलोड पिकअप को पुलिसकर्मी ने रोक कागजात मांगा। इस बात पर तैश में आकर वाहन चालक पोस्ट के पदाधिकारी के पास पहुंचकर अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने लगा। पास खड़े पुलिसकर्मी ने मर्यादा में रहकर बात करने को कहा तो वह बिफर गया। इस बात पर पुलिसकर्मी बच्चा पासवान ने चालक मिथुन को थप्पड़ जड़ दिया। इसी बात पर पिकअप में बैठे दो दर्जन से अधिक महिला-पुरुष विरोध कर हंगामा करने लगे। आसपास के लोग भी उग्र होकर पुलिस पोस्ट में तोड़फोड़ किया। एसपी ने कहा कि सीसी कैमरा के आधार पर जांच-पड़ताल कर दोषियों पर कार्रवाई होगी। जीरो माइल पोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों को हटाया जाएगा।

chat bot
आपका साथी