कोरोना काल में जनता दर्शन से दूर नेता-मंत्री, CM नीतीश कुमार से तेजस्‍वी यादव तक अधिकतर के दरवाजे बंद

Bihar CoronaVirus News Update कोरोनावायरस के संक्रमण काल में बिहार के अधिकांश नेता व मंत्री जनता दर्शन से दूर हैं। अधिकतर के दरवाजे आम लोगों के लिए बंद हैं। पहले जहां भीड़ लगती थी इन दिनों सन्‍नाटा पसरा हुआ है।

By Amit AlokEdited By: Publish:Fri, 30 Apr 2021 06:05 AM (IST) Updated:Fri, 30 Apr 2021 06:45 AM (IST)
कोरोना काल में जनता दर्शन से दूर नेता-मंत्री, CM नीतीश कुमार से तेजस्‍वी यादव तक अधिकतर के दरवाजे बंद
तेजस्‍वी यादव, जीतनराम मांझी एवं मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार।

पटना, स्‍टेट ब्यूरो। Bihar CoronaVirus News Update भगवान भजन से खुश होते हैं- यह मान्यता है। नेता भीड़ को देखकर खुश होते हैं- यह हकीकत है। कुदरत का कमाल देखिए- देवस्थलों के पट बंद हैं। ज्यादा बड़े नेताओं के घर के दरवाजे आम लोगों के लिए बंद हैं। कुछ ने छोटे दरवाजे खोल रखे हैं, ताकि भूले-बिसरे प्यारी जनता आए। छह फीट की दूरी से ही सही, देखा-देखी हो जाए। यह भी नहीं हो रहा है। राजधानी के हार्डिंग रोड, स्ट्रैंड रोड, ट्रेलर और सर्कुलर रोड के अलावा बेली रोड पर भी मंत्रियों के बंगले हैं। कोरोना से पहले हर किसी के दरवाजे पर हैसियत के अनुसार भीड़ लगी रहती थी। अब सन्नाटा है।

कोरोना के कारण बंद पड़े अधिकतर मंत्रियों के गेट

स्ट्रैंड रोड का पहला बंगला ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव का है। छोटा वाला गेट हमेशा खुला रहता है। अब भी खुला है। बगल में पूर्व मंत्री नंदकिशोर यादव का बंगला है। इसका गेट आगंतुकों का इंतजार कर रहा है। ठीक बगल में रह रहीं उपमुख्यमंत्री रेणु देवी के बंगले का दरवाजा आम तौर पर बंद रहता है। इस सड़क पर जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह, विधानसभा उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी, जल संसाधन मंत्री संजय झा, उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन और परिवहन मंत्री शीला देवी के आवास हैं। इन सबके प्रवेश द्वार आगंतुकों के आने पर ही खुलते हैं। कोरोना इन्हें खुलने का अवसर नहीं दे रहा है।

निर्माण कार्य के कारण खुला है मंत्रीजी का दरवाजा

पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के आवास का मुख्य दरवाजा बंद है। बगल का छोटा दरवाजा खुला रहता है। शायद इसलिए कि सुरक्षाकर्मियों को आने-जाने में परेशानी न हो। उनके सुरक्षाकर्मी आवास के बाहर भी रहते हैं। खादय आपूर्ति मंत्री लेशी सिंह के आवास का दरवाजा उन दिनों की तरह आज भी खुला रहता है, जब वह विधायक थीं। हार्डिंग रोड में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री रामप्रीत पासवान के आवास का दरवाजा इसलिए खुला रहता है, क्योंकि मंत्रीजी का गृह प्रवेश नहीं हुआ है। निर्माण का काम चल रहा है। इसी रोड पर जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह का आवास है। इसका मुख्य दरवाजा बंद रहता है।

मुख्यमंत्री आवास में पहले से ही लगी है पाबंदी

मुख्यमंत्री आवास में पहले से ही आम लोगों के आने जाने पर पाबंदी है। बुलाए गए लोग ही आते-जाते हैं। बगलगीर उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद के आवास में प्रवेश के लिए छोटा दरवाजा हमेशा खुला रहता है। मानव संसाधन मंत्री विजय कुमार चैधरी के आवास में जाने के दो रास्ते हैं। एक रास्ता पूरी तरह बंद रहता है। दूसरे का छोटा दरवाजा खुला रहता है।

दूरी बनाकर जनता से मिलते हैं कृषि मंत्री

बेलीरोड पर जन सरोकार वाले दो मंत्रियों के आवास हैं। ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार के आवास का छोटा दरवाजा पहले खुला रहता था। कोरोना की दूसरी लहर के बाद से बंद है। मंत्रीजी खुद ज्यादा समय ऊपरी मंजिल पर ही रहते हैं। बगल में कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह हैं। उनके आवास का छोटा दरवाजा खुला रहता है। वे आरा के विधायक हैं। क्षेत्र की जनता किसी भी समय आ जाती है।

तेजस्वी यादव के आवास के पास नहीं लगती भीड़

विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के आवास का प्रवेश द्वार पहले भी बंद रहता था। फिर भी लोग सुबह से भीड़ लगाए रहते थे। इन दिनों लोग नहीं आ रहे हैं। सो, दरवाजा कम ही खुलता है। बाहर सुरक्षाकर्मियों की चहल-पहल रहती है।

chat bot
आपका साथी