फ्लाइट में यात्री की बजरंग बली से गुहार: बच गए तो लड्डू चढ़ाएंगे ...जानिए मामला

दिल्‍ली में खराब मौसम के कारण पटना आ रही फ्लाइट में भय का वातावरण बन गया। पटना में फ्लाइट के लैंड करने के बाद यात्रियों ने तालियां बजा खुशी का इजहार किया।

By Amit AlokEdited By: Publish:Fri, 08 Feb 2019 10:56 PM (IST) Updated:Sat, 09 Feb 2019 12:01 PM (IST)
फ्लाइट में यात्री की बजरंग बली से गुहार: बच गए तो लड्डू चढ़ाएंगे ...जानिए मामला
फ्लाइट में यात्री की बजरंग बली से गुहार: बच गए तो लड्डू चढ़ाएंगे ...जानिए मामला

पटना [जेएनएन]। दिल्‍ली से टेक-ऑफ के बाद फ्लाइट में मनौतियों व अफसाेस का माहौल बन गया। बाहर सर्द हवाएं और अंदर पसरा सर्द करता भय। किसी की तबीयत खराब तो कोई बच जाने पर बजरंगबली को लड्डू चढ़ाने की मनौती मांग रहा था। यह माहौल दिखा गुरुवार को एयर टर्बुलेंस (हवा के तेज झटके) में फंसी दिल्‍ली-पटना जेट एयरवेज की फ्लाइट में। सायं करीब 5.30 बजे विमान के लैंड करने के बाद ही यात्रियों ने राहत की सांस ली।

खराब मौसम की चपेट में आ गया था विमान

विमान से पटना पहुंचे बैंक अधिकारी राकेश वर्मा ने बताया कि अंदर का माहौल भय से भरा हुआ था। विमान के टेक-ऑफ के कुछ ही देर बाद वह खराब मौसम की चपेट में आ गया था। विमान का संतुलन काफी बिगड़ गया था। यात्री अनहोनी की आशंका से डर गए थे।

अपने-अपने आराध्‍य देव को याद कर रहे थे यात्री

कुछ यात्री बार-बार बजरंग बली को याद कर रहे थे। उनमें एक ने सुरक्षित पहुंचने पर पटना के महावीर मंदिर में पांच किलो लड्डू का प्रसाद चढ़ाने की मन्नत मांगी। कई और लोग भी अपने-अपने आराध्‍य देव को याद कर रहे थे। एक यात्री ने बताया कि ऐसा लगा था कि पूरी दुनिया विमान से घूमकर आ गए, लेकिन घर के नजदीक पहुंचकर भी परिवार से नहीं मिल पाएंगे।

वाशरूम तक जाने की नहीं थी इजाजत

विमान यात्री आरती बाला ने बताया कि यात्रियों को वाशरूम तक नहीं जाने दिया जा रहा था। उन्हें हमेशा बेल्ट बांधे रहने की सलाह दी जा रही थी। एक अन्‍य यात्री ने कहा कि दिल्ली से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद से जेट एयरवेज की 727 नंबर के इस विमान में खराब मौसम के कारण तकनीकी खामियां भी आ गईं थीं, जिसे पायलट द्वारा दूर करने की कोशिश की जा रही थी।

पटना पहुंचने पर ताली बजा किया क्रू मेंबर्स का स्‍वागत

यात्रा के दौरान विमान का संतुलन बनते-बिगड़ते रहा। पटना पहुंचने तक विमान के सारे यात्रियों की सांसे अटकी हुईं थीं। पटना एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड करने के बाद यात्रियों ने जोर-जोर से ताली बजा क्रू मेंबर्स का स्वागत किया।  हालांकि, हैरान करने वाली बात यह है कि विमान के अंदर हुई इस घटना की जानकारी से जेट एयरवेज प्रबंधन ने इनकार किया है।

chat bot
आपका साथी