बाहुबली विधायक अनंत सिंह ही नहीं, बिहार पुलिस को चकमा देनेवालों की लंबी है लिस्‍ट

बिहार में रसूखदार आरोपियों के आत्मसमर्पण की लंबी लिस्‍ट है। बिहार पुलिस को चकमा देकर अदालत में आत्मसमर्पण करने वालों की सूची में कई माननीयों के भी नाम शुमार है।

By Rajesh ThakurEdited By: Publish:Fri, 23 Aug 2019 08:35 PM (IST) Updated:Sat, 24 Aug 2019 01:05 PM (IST)
बाहुबली विधायक अनंत सिंह ही नहीं, बिहार पुलिस को चकमा देनेवालों की लंबी है लिस्‍ट
बाहुबली विधायक अनंत सिंह ही नहीं, बिहार पुलिस को चकमा देनेवालों की लंबी है लिस्‍ट

पटना [रमण शुक्ला]। बिहार पुलिस को चकमा देकर अदालत में आत्मसमर्पण करने वाले रसूखदार आरोपियों की सूची में अनंत सिंह का नाम शुक्रवार को शुमार हो गया। अनंत ने तीन वीडियो जारी कर अदालत में आत्मसमर्पण करने का एलान किया था। पुलिस का दावा है कि उसके दबाव में अनंत को आत्मसमर्पण करना पड़ा। पुलिस सात दिनों से अनंत की तलाश कर रही थी। 16 अगस्त के बाद से लगातार अनंत पुलिस को चकमा देते रहे। यह पहला वाकया नहीं है जब अदालत में आत्मसमर्पण करने में अनंत सफल रहे हैं। इससे पहले कई रसूखदारों को पुलिस तलाशती रही और बड़े ही चतुराई से आरोपियों ने पुलिस को चकमा देकर आत्मसमर्पण कर दिया।

विधायक सह पूर्व मंत्री मंजू वर्मा व पति चंद्रशेखर वर्मा  

आर्म्स एक्ट की आरोपित पूर्व मंत्री मंजू वर्मा ने जब चाहा तब चुपके से बेगूसराय के कोर्ट में पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया था। इसकी भनक तक पुलिस को नहीं लगी। इसी तरह मंजू वर्मा के पति चंद्रेश्वर वर्मा भी पुलिस को चकमा देकर अदालत में आत्मसमर्पण करने में सफल रहे थे।

बिहार टॉपर्स घोटाले का मास्टरमाइंड बच्चा राय

बिहार टॉपर घोटाले का मुख्य आरोपी बच्चा राय को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस दावे करती रही, हाथ-पैर मारती रह गई थी, लेकिन उसने खुद आकर पुलिस को गिरफ्तारी दी। उसे पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी थी। 

आदित्य सचदेवा हत्याकांड का आरोपी रॉकी यादव

रोडरेज को लेकर हुए विवाद में 12वीं के छात्र आदित्य सचदेवा की गोली मारकर हत्या हुई थी। पुलिस रॉकी की तलाशी के लिए हाथ-पैर मारती रही और एक दिन अचानक रॉकी यादव ने गया के अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया।

एमएलसी मनोरमा देवी 

आदित्य सचदेवा हत्याकांड के अभियुक्त रॉकी यादव की मां और बिहार विधान परिषद की सदस्या मनोरमा देवी की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस छापेमारी करती रही, लेकिन ढूंढ नहीं सकी थी। मनोरमा के बेटे रॉकी यादव की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जब मनोरमा देवी के घर पर छापा मारा तो घर से विदेशी शराब की बोतलें बरामद हुईं थीं। इसके बाद मनोरमा देवी फरार हो गईं थीं। अचानक गया की अदालत में मनोरमा ने आत्मसमर्पण कर दिया। आदित्य सचदेव मर्डर केस में रॉकी यादव के चचेरे भाई टेनी यादव ने भी चुपके से गया की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया था। 

दुष्कर्म का आरोपी राजवल्लभ यादव

नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का आरोपी राजद विधायक राजवल्लभ यादव घटना के खुलासे के बाद फरार हो गया था। पुलिस तलाश में छापेमारी करती रही। करीब महीने भर फरार रहने के बाद उसने अचानक कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। अदालत द्वारा चल-अचल संपत्ति की कुर्की जब्ती के आदेश के बाद राजवल्लभ ने आत्मसमर्पण किया था। 

अश्विनी चौबे का पुत्र अर्जित शाश्वत 

भागलपुर के नाथनगर उपद्रव मामले के मुख्य आरोपी केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे के बेटे अर्जित शाश्वत को बिहार पुलिस पकड़ नहीं पाई थी। पुलिस उसे तलाशती रही और उसने अचनाक रात में पटना के महावीर मंदिर के समीप पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था।

पत्रकार राजदेव रंजन का शूटर लड्डन मियां 

पत्रकार राजदेव रंजन हत्या मामले कुख्यात अपराधी लड्डन मियां को भी पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी थी। लड्डन पर राजदेव की हत्या के लिए अपराधियों को सुपारी देने का आरोप है। हत्या के बाद बिहार पुलिस काफी दिनों तक उसकी तलाश करती रही, लेकिन एक दिन लड्डन मियां ने अचानक सिवान की अदालत सरेंडर कर दिया था। 

नौ लोगों को कुचलनेवाला मनोज बैठा 

मुजफ्फरपुर में तेज रफ्तार वाहन ने दर्जन भर से अधिक बच्‍चों को कुचल डाला था। इसमें नौ लोगों की मौत हो गई थी। इसमें भाजपा नेता मनोज बैठा का नाम आया था। पुलिस आरोपी को ढूंढ़ती रही, लेकिन मनोज बैठा ने भी आत्‍मसमर्पण कर दिया। 

chat bot
आपका साथी