एनडीए की सरकार बनी तो किसानों को ब्याज मुक्त कर्ज: मोदी

पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि बिहार में चुनाव के बाद अगर भाजपा के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनी तो किसानों को ब्याज मुक्त ऋण दिया जाएगा। यह सुविधा ऐसे किसानों को मिलेगी, जो समय पर कृषि ऋण का भुगतान करेंगे।

By pradeep Kumar TiwariEdited By: Publish:Wed, 03 Jun 2015 11:50 AM (IST) Updated:Wed, 03 Jun 2015 12:02 PM (IST)
एनडीए की सरकार बनी तो किसानों को ब्याज मुक्त कर्ज: मोदी

पटना। पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि बिहार में चुनाव के बाद अगर भाजपा के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनी तो किसानों को ब्याज मुक्त ऋण दिया जाएगा। यह सुविधा ऐसे किसानों को मिलेगी, जो समय पर कृषि ऋण का भुगतान करेंगे।

मंगलवार को जनता दरबार के बाद पत्रकारों से बातचीत में मोदी ने भूमि अधिग्रहण कानून के खिलाफ धरना देने वाले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को किसान विरोधी करार दिया। कहा कि धान की खरीद का समय से भुगतान नहीं होने के कारण चार किसानों ने आत्महत्या कर ली, लेकिन मुख्यमंत्री को इसकी कोई परवाह नहीं है। आत्महत्या करने वाले किसानों के घर जाकर उनके परिजनों को सांत्वना के दो शब्द कहने तक की उन्होंने जरूरत महसूस नहीं की।

भाजपा नेता ने कहा कि 30 मार्च के बाद पैक्स में बेचे गए पांच लाख 50 हजार टन धान का करीब 840 करोड़ रुपये किसानों का बकाया है। इसके पहले की धान खरीद का भी करीब 350 करोड़ यानी कुल 1190 करोड़ किसानों का बकाया है। चूंकि सरकार की माली स्थिति जर्जर हो गई है इसलिए किसानों के बकाए को रोक रखा है। उन्होंने गेहूं की खरीद पर भी सरकार को घेरा। कहा कि किसानों द्वारा गेहूं बेच दिए जाने के बाद खरीद शुरू हुई है। बोनस की भी घोषणा नहीं हुई।

मोदी ने कहा कि भाजपा जब सरकार में शामिल थी, कृषि ऋण पर चार प्रतिशत ब्याज देना पड़ता था। हम लोगों ने समय से भुगतान करने वाले किसानों को एक प्रतिशत छूट देने का फैसला किया था। यानी समय से कर्ज लौटाने पर किसानों को तीन प्रतिशत ब्याज देना पड़ता था। यह एक प्रतिशत ब्याज अनुदान भी पिछले दो वर्षों से बंद पड़ा है।

chat bot
आपका साथी