राजगीर में बिजली विभाग के गेस्‍ट हाउस में चल रही थी शराब पार्टी, रंगे हाथ पकड़े गए चार कर्मचारी

नालंदा जिले में जहरीली शराब से मौत (Nalanda Hooch Tragedy) का मामला अभी गर्म है। लेकिन राजगीर में इन सबसे बेफिक्र बिजली विभाग के कर्मी गेस्‍टहाउस में शराब पार्टी कर रहे थे। राजगीर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार देर शाम छापेमारी कर उन्‍हें दबोचा।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Wed, 19 Jan 2022 09:16 PM (IST) Updated:Wed, 19 Jan 2022 09:16 PM (IST)
राजगीर में बिजली विभाग के गेस्‍ट हाउस में चल रही थी शराब पार्टी, रंगे हाथ पकड़े गए चार कर्मचारी
नालंदा के राजगीर में शराब पीते चार गिरफ्तार। सांकेतिक तस्‍वीर

राजगीर (नालंदा), संवाद सहयोगी। नालंदा जिले में जहरीली शराब से मौत (Nalanda Hooch Tragedy) का मामला अभी गर्म है। लेकिन राजगीर में इन सबसे बेफिक्र बिजली विभाग के कर्मी गेस्‍ट हाउस में शराब पार्टी कर रहे थे। राजगीर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार देर शाम छापेमारी कर उन्‍हें दबोचा। गिरफ्तार कर्मियों में डिविजन के प्रधान लिपिक सदन पासवान, सब डिविजन के प्रधान लिपिक प्रदीप कुमार, मानव बल संवेदक विपेश बिहारी और कार्यपालक सहायक राजीव राज शामिल हैं। 

गेस्‍ट हाउस के किचन में छलका रहे थे जाम 

पुलिस को सूचना मिली थी कि राजगीर में बिजली विभाग के गेस्‍ट हाउस में कुछ लोग शराब पी रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने शाम में रेड की। वहां बिजली विभाग के चार कर्मी शराब पीते रंगे हाथ पकड़े गए। सभी बिजली विभाग के  गेस्ट हाउस के किचेन में शराब पी रहे थे। पुलिस ने वहां से एक बोतल विदेशी शराब, एक खाली बोतल, चार डिस्पोजेबल ग्लास भी बरामद किया। थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि गिरफ्तार लोगों से पूछताछ की गई तो सभी ने खुद को बिजली विभाग का कर्मी बताया। उन्होंने आगे कहा कि सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पता लगाया जा रहा है कि इन लोगों के पास शराब कैसे पहुंची। फिलहाल समाचार लिखे जाने तक पुलिस  गिरफ्तार कर्मियों से पूछताछ कर रही है। 

उपकरण नष्‍ट करते शराब तस्‍कर गिरफ्तार

उत्पाद विभाग की टीम ने छापेमारी के दौरान एक शराब तस्कर को उपकरण नष्ट करते गिरफ्तार कर लिया। उत्पाद विभाग की दरोगा रश्मि आनंद ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर छोटी पहाड़ी निवासी सुबोध चंद्र सुमन है। आरोपित के पास से गैलन में स्पिरिट, रैपर, अंग्रेजी शराब की बोतल का ढक्कन, पैकिंग मशीन बरामद की गई।  उन्होंने बताया कि फिलहाल पूरे इलाके में छापेमारी जारी है।

लूट व शराब तस्करी का आरोपित गिरफ्तार

दीपनगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के भटबिगहा बाइपास से शराब तस्करी के आरोप में फरार चल रहे एक ओरापित को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाश कल्याणपुर गांव निवासी रौशन कुमार है। आरोपित पर पटना जिले के बख्तियारपुर और सलेमपुर थाना में लूट व डकैती का केस दर्ज है।

chat bot
आपका साथी