बिहार में मिले नेपाल के अरबपति व्यवसायी सुरेश केडिया, अपहर्ता गिरफ्तार

नेपाल से अगवा किए गए व्यवसायी सुरेश केडिया को बिहार के माेतिहारी से बरामद कर लिया गया है।

By Kajal KumariEdited By: Publish:Sun, 29 May 2016 08:28 AM (IST) Updated:Mon, 30 May 2016 10:14 AM (IST)
बिहार में मिले नेपाल के अरबपति व्यवसायी सुरेश केडिया, अपहर्ता गिरफ्तार

पटना। नेपाल से अगवा व्यवसायी सुरेश केडिया को बिहार के मोतिहारी से मुक्त करा लिया गया है। इस पुलिस कार्रवाई में कई अपहर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। सुरेश केडिया नेपाल व भारत के कई राज्यों में केडिया ग्रुप ऑफ कंपनीज के मालिक हैं। गत 26 मई को काठमांडू से वीरगंज के बीच उनका अहपरण कर लिया गया था। अपहर्ताओं ने उनकी रिहाई के बदले सौ करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी।

विदित हो कि केडिया के बिहार में होने की सूचना पर पुलिस ने कल से ही कवायद तेज कर दी थी। नेपाल से लगे बिहार के सभी सीमावर्ती जिलों को 'अलर्ट' कर वहां ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही थी। राज्य पुलिस मुख्यालय ने सभी सीमावर्ती जिलों को विशेष चौकसी बरतने के निर्देश जारी किए थे।

जानकारी के अनुसार, नेपाल के बड़े व्यवसायी सुरेश केडिया को बिहार के पूर्वी चंपारण जिला मुख्यालय मोतिहारी के निकटवर्ती कोटवा से बरामद कर लिया गया। पूर्वी चंपारण व पश्चिमी चंपारण के एसपी क्रमश: जितेंद्र राणा व विनय कुमार ने इस संयुक्त पुलिस ऑपरेशन की कमना संभाली थी।

शनिवार देर रात हुई इस पुलिस छापेमारी में कई अपहर्ता भी गिरफ्तार किए गए हैं। अपहरण की इस घटना में कुख्यात बबलू दूबे गिरोह का हाथ बताया जा रहा है। पूर्वी चंपारण के एसपी जितेंद्र राणा इस घटना में अंतरराष्ट्रीय गिरोह का हाथ बता रहे हैं।

विदित हो कि एडीजी (मुख्यालय) सुनील कुमार ने शनिवार को बताया था कि नेपाल से अगवा किए गए व्यवसायी सुरेश केडिया की रिहाई के लिए नेपाल पुलिस ने बिहार पुलिस से मदद मांगी थी। इसके बाद ही बिहार के सीमावर्ती जिलों को 'अलर्ट' किया गया था। फिर, कार्रवाई में जुटी पूर्वी चंपारण व पश्चिम चंपारण पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली।

chat bot
आपका साथी