मजदूरों की ताकत से लड़ें भाजपा से जंग : इंटक

इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस का राज्य स्तरीय प्रतिनिधि सम्मेलन

By JagranEdited By: Publish:Sun, 13 Jan 2019 10:30 PM (IST) Updated:Sun, 13 Jan 2019 10:30 PM (IST)
मजदूरों की ताकत से लड़ें भाजपा से जंग : इंटक
मजदूरों की ताकत से लड़ें भाजपा से जंग : इंटक

पटना। इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जी. संजीव रेड्डी ने कहा कि मजदूरों की ताकत को हथियार बनाकर ही भाजपा से जंग जीत सकते हैं। पर यह दुर्भाग्य है कि जवाहर लाल नेहरू और सरदार बल्लभ भाई पटेल जैसे नेताओं के काल के बाद कांग्रेस में मजदूरों की पूछ कम हो गई। एक वक्त था जब यह तय माना जाता था कि मजदूर संगठनों से जुड़े नेता ही लेबर मिनिस्टर होंगे। बाद के दिनों में श्रमिकों को महत्वहीन समझा जाने लगा और यह परिपाटी टूट गई। मजदूरों के साथ कांग्रेस की दूरी बढ़ती चली गई। पर अब कांग्रेस के नए नेतृत्व से फिर से मजदूरों की उम्मीदें जगी है। कांग्रेस को भी यह समझना होगा कि नरेन्द्र मोदी से जंग जीतना है, तो मजदूरों को साथ लाना होगा। रेड्डी पटना में इंटक के राज्यस्तरीय प्रतिनिधि सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने केन्द्र सरकार को कोसते हुए कहा कि देश भर में राहुल गांधी की विश्वसनीयता बढ़ रही है। छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और राजस्थान के चुनाव परिणामों ने यह प्रमाणित कर दिया। कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य अखिलेश सिंह ने इस अवसर पर कहा कि कांग्रेस को इंटक एवं मजदूरों के साथ समन्वय बनाकर काम करना होगा। उन्होंने 3 फरवरी को पटना में राहुल गांधी की प्रस्तावित रैली में बड़ी संख्या में मजदूरों को आने का न्योता भी दिया। विधान पार्षद प्रेम चन्द्र मिश्रा ने इंटक को सलाह दी कि आंगनबाड़ी, आशा और इस तरह के तमाम सेवाओं से जुड़े साथियों को जोड़ें। उन्होंने नरेन्द्र मोदी के साथ ही नीतीश सरकार के खिलाफ भी लड़ने का आह्वान किया। इंटक के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रप्रकाश ने सम्मेलन में राजनीतिक , औद्योगिक और सांगठनिक प्रस्ताव पेश किए। चन्द्रप्रकाश को फिर से प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने का प्रस्ताव भी इस अवसर पर पारित किया गया।

chat bot
आपका साथी