ऑटो में घूम रहे ठगों के निशाने पर महिलाएं, नकली सोना दिखा ठग रहे असली जेवर

सावधान..राजधानी पटना में घूम रहीं जालसाज महिलाएं नकली सोना के बदल ठग रहीं असली सोना।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 21 Nov 2019 12:00 AM (IST) Updated:Thu, 21 Nov 2019 06:13 AM (IST)
ऑटो में घूम रहे ठगों के निशाने पर महिलाएं, नकली सोना दिखा ठग रहे असली जेवर
ऑटो में घूम रहे ठगों के निशाने पर महिलाएं, नकली सोना दिखा ठग रहे असली जेवर

पटना। सावधान रहें.. राजधानी में ऑटो में सवार होकर एक ऐसा गैंग घूम रहा है, जिनके निशाने पर बुजुर्ग महिलाएं हैं। ऑटो में पहले से सवार जालसाज महिला राहगीर को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए बैठा रहे, फिर उन्हें नकली सोने का बिस्कुट देकर असली गहने लेकर उन्हें बीच रास्ते में उतारकर ऑटो लेकर फरार हो जा रहे। पुलिस केस दर्ज कर रही है, लेकिन गिरोह तो दूर ऑटो की पहचान भी नहीं कर पा रही है।

: ऑटो स्टैंड पर घूम रहा गिरोह :

राजधानी में इस तरह के एक दो नहीं, बल्कि आधा दर्जन से अधिक केस सामने आ चुके है। पाटलिपुत्र, रुपसपुर, पीरबहोर, गांधी मैदान, कदमकुआं में ज्यादातर महिलाएं सोने का बिस्कुट पाने के चक्कर में कीमती गहने गवां चुकी हैं। पुलिस गिरोह को दबोचने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल चुकी है। लेकिन, शातिर ठगी के बाद महिला को उस जगह उतारते है, जो सुनसान हो या फिर कैमरे न लगे हों। गिरोह ज्यादातर ऑटो स्टैंड के आसपास ही घूम रहा है। कई बार तो ऑटो में सवार गिरोह के सदस्यों में महिला भी शामिल होती हैं। सूत्रों की मानें तो गिरोह में कई महिलाएं हैं।

: एसएसपी ने गठित की विशेष टीम :

तीन दिन पूर्व पीरबहोर थाना क्षेत्र में सोने का बिस्कुट देने का झांसा देकर गिरोह ने ऑटो में सवार एक महिला के गले की चेन, कान की बाली ठग ली और उन्हें अशोक राजपथ पर उतार फरार हो गए। एसएसपी गरिमा मलिक ने गांधी मैदान और पीरबहोर थाना पुलिस के साथ ही रंगदारी सेल के चार पुलिस पदाधिकारी की विशेष टीम गठित की। डायल 100 प्रभारी को भी टीम में शामिल किया है। : केस-एक :

जनवरी 2019 में एनटीपीसी के रिटायर्ड जीएम सीएस गुप्ता की पत्नी रीता गुप्ता रुपसपुर इलाके में ऑटो से रूकनपुरा सब्जी मंडी जा रही थी। जिस ऑटो में रीता सवार थी, उसमें पहले से तीन लोग बैठे थे। दोनों उनके अगल-बगल बैठे थे। दोनों युवकों ने उन्हें बताया कि उनके पास सोने का सिक्का है, जिसकी कीमत लाखों में है। ठगों ने उन्हें बातों उलझाकर उनकी अंगूठी और कान का गहना ले लिया और नकली सिक्का दे दिया। : केस-दो :

सितंबर 2019 में राजीव नगर निवासी सुनिता देवी राजापुर पुल जाने के लिए साई मंदिर से ऑटो में सवार होकर कुर्जी मोड़ पहुंची। वहां ऑटो में सवार होकर राजापुर पुल जा रही थी। ऑटो में पहले से दो ठग पीछे की सीट पर ही बैठे थे। वह महिला को बातों में उलझा दिए और नकली सोने की एक बिस्कुट देते हुए उनके गले का चेन, कान की बाली और 12 सौ रुपए नकद ले लिए। जो सोने का बिस्कुट महिला को दिए वह नकली निकल गया। : केस-तीन :

सितंबर 2018 में दो ठगों ने जानपुर बाजार के किराना व्यवसायी को 3 हजार नकली सोने का सिक्का देकर 14 लाख रुपये ठग लिए। दोनों ठग पहले व्यवसायी उदय कुमार के दुकान पर गए। जिक्र किया कि गैस पाइपलाइन का काम चल रहा था और वे भी वहीं काम कर रहे थे। उन्हें खुदाई के दौरान सिक्के मिले। झांसे में आकर व्यवसायी ने सिक्का खरीद लिया।

chat bot
आपका साथी