सेना में भर्ती के नाम पर ठगी, दो जवान गिरफ्तार

सेना में भर्ती के नाम पर ठगी दो जवानों को किया गया गिरफ्तार।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 23 Oct 2019 01:46 AM (IST) Updated:Wed, 23 Oct 2019 06:25 AM (IST)
सेना में भर्ती के नाम पर ठगी, दो जवान गिरफ्तार
सेना में भर्ती के नाम पर ठगी, दो जवान गिरफ्तार

दानापुर (पटना)। दानापुर छावनी में सेना बहाली में ठगी के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जालसाज सेना में भर्ती के नाम पर एक अभ्यर्थी से तीन से साढ़े तीन लाख रुपये वसूलते थे। इसके लिए पूरा गैंग काम कर रहा था। जेसीओ की सूझबूझ से ठगी के खेल का पर्दाफाश हुआ। एक जवान सुनील को पकड़ लिया गया है। सुनील मनेर का रहने वाला है। दूसरे जवान का नाम सेना नहीं खोल रही है। उससे अभी पूछताछ की जा रही है।

आर्मी इंटेलिजेंस यूनिट ने जवान सुनील से पूछताछ की है। हालांकि बाद में उसे बीआरसी (बिहार रेजीमेंट सेंटर)को सौंप दिया गया। मामले में पूर्व सैनिकों की संलिप्तता की बात भी सामने आई है। आरोपी से मिले कागजात की पड़ताल की जा रही है। इससे पूर्व बहाली के नाम पर ठगी के एक अन्य मामले में भोजपुर के सिपाही की भी जाच की जा रही है। जानकारी के अनुसार सिपाही सुनील पश्चिम बंगाल और दूसरा सिपाही नॉर्थ ईस्ट में कहीं तैनात है। ये दोनों छुट्टी में घर आते थे और नौकरी के नाम पर युवाओं को जाल में फंसाते थे। सेना में नौकरी के नाम पर एक युवक से साढ़े तीन लाख तक की वसूली की जाती थी।

इस तरह पकड़ा गया-

गत शनिवार को बीआरसी के पास सुनील कुमार को पकड़ा गया। वह कुछ युवकों से बहाली को लेकर बात कर रहा था। इसी क्रम में एक जेसीओ ने उससे पूछताछ की तो वह बाइक छोड़कर भाग निकला। आरोपी ने भागने के दौरान हेलमेट से जेसीओ के सिर पर वार करना चाहा। मगर ड्यूटी पर तैनात सेना के जवान और आर्मी इंटेलिजेंस ने सुनील को धर-दबोचा। पूछताछ में एससी-एसटी के प्रमाण पत्र में नाम बदल सेना में बहाली की बात सामने आई है। सूत्रों के अनुसार मार्च में भी सुनील को संदिग्ध युवकों से बात करते हुए पकड़ा गया था, बाद में छोड़ दिया गया था। उसपर आर्मी इंटेलिजेंस नजर रख रही थी। करीब पाच साल पूर्व सेना में जाने के बाद सुनील बहाली के दौरान छुट्टी लेकर घर आता था। सेना इंटेलिजेंस यूनिट की मानें तो सुनील विवादों में रहा है। स्वयं फर्जी तरीके से एससी-एसटी के प्रमाण पत्र पर भर्ती हुआ है। वह ओबीसी है, जबकि सेना में सुनील उराव के नाम से भर्ती हुआ है। गुरुवार को पकड़ा गया दूसरा जवान अपने भाई की बहाली को लेकर दानापुर आया था। इसी दौरान सैनिक अस्पताल के पास ठगी करने में लगा था। दोनों की उसके यूनिट में जाच की जा रही है। इससे पहले भी फर्जी बहाली को लेकर सेना के अधिकारी समेत कुछ दलालों के नाम सामने आए थे। मामला थाने तक पहुंचा था, लेकिन कुछ हुआ नहीं। मालूम हो कि सेना में पिछले माह बहाली की प्रक्रिया शुरू हुई थी। अभी मेडिकल जाच की जा रही है।

chat bot
आपका साथी