स्‍वेटर-कंबल नहीं निकाले हैं तो देर न करें; 13-14 दिसंबर को बूंदाबांदी के आसार, फिर बढ़ेगी ठंड

यदि आप स्‍वेटर-कंबल नहीं निकाले हैं तो अब बिल्‍कुल देर न करें। 13-14 दिसंबर को बूंदाबादी की संभावना है। इसके बाद बिहार में भी सर्दी बढ़ेगी। ऐसे में थोड़ी सी भी लापरवाही ठीक नहीं।

By Rajesh ThakurEdited By: Publish:Sun, 08 Dec 2019 08:24 PM (IST) Updated:Sun, 08 Dec 2019 10:55 PM (IST)
स्‍वेटर-कंबल नहीं निकाले हैं तो देर न करें; 13-14 दिसंबर को बूंदाबांदी के आसार, फिर बढ़ेगी ठंड
स्‍वेटर-कंबल नहीं निकाले हैं तो देर न करें; 13-14 दिसंबर को बूंदाबांदी के आसार, फिर बढ़ेगी ठंड

पटना, जेएनएन। बिहार में 12 दिसंबर तक तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 13 दिसंबर को पटना सहित कई जिले में बादल छाए रहेंगे। कुछ जगहों पर बूंदाबांदी होने के आसार हैं। इससे ठंड में इजाफा होगा। 14 दिसंबर में बिहार में सर्दी बढ़ेगी। ऐसे में यदि आप स्‍वेटर-कंबल नहीं निकाले हैं तो देर न करें। शनिवार को भी पटना में आंशिक बादल छाए हुए थे, हालांकि रविवार को तेज धूप निकली थी। वहीं, हवा में नमी कम होने के कारण तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, सितंबर में हुई भारी वर्षा के  कारण प्रदेश की मिट्टी में पर्याप्त नमी बनी हुई है, लेकिन तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। रविवार को पटना के तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की कमी रिकॉर्ड की गई। हालांकि सामान्य न्यूनतम तापमान 11.2 की बजाय 14 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 14 दिसंबर से सर्दी सताएगी। पश्चिमी विक्षोभ के साथ 12 और 13 दिसंबर को कई इलाकों में बादल छाए रहने और कुछ जगहों पर बूंदाबांदी की संभावना है। 

रविवार को पटना की हवा में नमी की मात्रा 70 से 74 परसेंट के बीच रही। न्यूनतम तापमान 14 डिग्री और अधिकतम 27.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गया का न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री और अधिकतम 25.9 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री और अधिकतम 27 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। पूर्णिया का न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री और अधिकतम 27 डिग्री सेल्सियस रहा। 

गौरतलब है कि शनिवार को पटना का न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री और अधिकतम 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यहां का सामान्य न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस होना चाहिए था। गया का न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री और अधिकतम 26.3 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। भागलपुर का न्यूनतम तापमान 15 और अधिकतम 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूर्णिया का न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री रहा, जबकि सामान्य न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री होना चाहिए था। अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। 

chat bot
आपका साथी