पटना में सरेआम गुंडई: फायरिंग में एक बच्‍चा घायल, मांझी के दामाद की गाड़ी तोड़ी

पटना के पॉश इलाके में सरेआम गुंडई हुई। इस दौरान जमकर पथराव व फायरिंग हुई। एक लड़के को गोली लग गई। बाद में पुलिस ने लाठीचार्ज किया। पूरा मामला जानिए इस खबर में।

By Amit AlokEdited By: Publish:Sun, 28 Oct 2018 10:55 PM (IST) Updated:Sun, 28 Oct 2018 10:55 PM (IST)
पटना में सरेआम गुंडई: फायरिंग में एक बच्‍चा घायल, मांझी के दामाद की गाड़ी तोड़ी
पटना में सरेआम गुंडई: फायरिंग में एक बच्‍चा घायल, मांझी के दामाद की गाड़ी तोड़ी

पटना [जेएनएन]। राजधानी के अति सुरक्षित पॉश इलाके राजेंद्र नगर इलाके में 50 से अधिक लफंगे हथियारों के साथ आते हैं। वे जमकर मारपीट, पथराव व तोड़फाेड़ करते हैं। इस दौरान वे करीब 10 राउंड गोलीबारी भी करते हैं। घटना में पूर्व मुख्‍यमंत्री जीतनराम मांझी के दामाद सहित कई लोगों की गाडि़यां टूट गईं, कई दुकान क्षतिग्रस्‍त हो गए। गोलीबारी के दौरान एक लड़के को गोली भी लग गई, जिसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने लाठीचार्ज कर स्थिति पर नियंत्रण किया।

गुंडों से भिड़े स्‍थानीय लोग

पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र स्थित राजेंद्र नगर के रोड नंबर 10 में रविवार की शाम भारी बवाल हुआ। इलाकाई दबंग बिल्ला सहनी के गुर्गों और महमूदीचक के निवासियों के बीच जमकर पथराव और फायरिंग हुई। इस दौरान गोली लगने से 14 वर्षीय संतोष कुमार घायल हो गया। उसकी पीठ में गोली लगी है।

शनिवार से था विवाद, रविवार को बढ़ गया

बताया जाता है कि शनिवार को पुलिस ने राजेंद्र नगर मोहल्ले से बिल्ला सहनी के तीन गुर्गों को जुआ खेलते रंगेहाथ दबोच लिया था। बिल्ला को शक था कि स्थानीय लोगों ने मुखबिरी की है। रविवार की सुबह रोड नंबर 10 के पास महमूदीचक मोहल्ला निवासी एक वाहन चालक ने ई-रिक्शा से वैगन-आर कार में ठोकर मार दी, जो बिल्ला के परिचित की थी। इसपर कार सवार लोगों ने ई-रिक्शा चालक की पिटाई कर दी।

गुंडागर्दी का लोगों ने किया विरोध, भड़क गया बवाल

घटना की प्रतिक्रिया में बिल्ला करीब 50 गुर्गों के साथ अपना वर्चस्व जमाने के लिए रविवार की शाम रोड नंबर 10 में एक पान गुमटी के पास जमघट लगा स्थानीय लोगों को देखकर गाली-गलौज कर रहा था। इसके बाद नागरिक गोलबंद हो गए और वे ईंट-पत्थर व रोड़े बरसाका उन्‍हें खदेडऩे लगे। भागम-भाग में महमूदीचक के लोग रोड नंबर 10 में प्रवेश कर गए। इसके बाद बिल्ला के लोगों ने भी पथराव शुरू कर दिया। देखते-देखते दोनों ओर से गोलियां भी बरसने लगीं।

पूर्व सीएम के दामाद की कार समेत दर्जनभर वाहन तोड़े

पथराव और फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहगीर वाहन छोड़कर जहां-तहां भागने लगे। दोनों पक्ष एक-दूसरे के समर्थकों के घर में घुसकर फायरिंग कर रहे थे। उसी मोहल्ले में पूर्व मुख्‍यमंत्री जीतन राम मांझी के दामाद का घर है। बदमाशों ने उनके घर पर भी निशाना साधा। गोलियां बरसाईं और घर के बाहर खड़ी कार को चकनाचूर कर दिया। इसके अलावा दर्जनभर गाडिय़ों में तोडफ़ोड़ की। लोग दुबककर घरों में घुस गए। दुकानों के शटर धड़ाधड़ गिरने लगे।

रह-रहकर फूटता रहा गुस्सा

दोनों पक्ष एक-दूसरे को देखना नहीं चाह रहे थे। जैसे ही उन्हें मौका मिलता, वे सड़क पर आकर फायरिंग कर देते। आक्रोशित भीड़ पुलिस के सामने भी गोलियां बरसाने में नहीं हिचकिचाई। रात तक रह-रहकर दोनों पक्षों का गुस्सा फूटता रहा। पुलिस ने लाठीचार्ज कर स्थिति पर नियंत्रण किया।

घटना के सिलसिले में दर्ज एफआइआर में बिल्‍ला समेत आठ को नामजद किया गया है। एफआइआर में सौ अज्ञात भी आरोपित बनाए गए हैं। पुलिस ने सात को हिरासत में ले लिया है।

chat bot
आपका साथी