चुनावी सभाएं: नीतीश बोले- बौखलाहट में महागठबंधन, गलत भाषा का कर रहे इस्‍तेमाल

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने चुनावी प्रचार के तहत गुरुवार को नवादा जमुई व भागलपुर गए थे। उन्‍होंने महागठबंधन पर तीखा हमला किया। कहा बौखलाहट में है महागठबंधन

By Rajesh ThakurEdited By: Publish:Thu, 04 Apr 2019 08:48 PM (IST) Updated:Thu, 04 Apr 2019 11:46 PM (IST)
चुनावी सभाएं: नीतीश बोले- बौखलाहट में महागठबंधन, गलत भाषा का कर रहे इस्‍तेमाल
चुनावी सभाएं: नीतीश बोले- बौखलाहट में महागठबंधन, गलत भाषा का कर रहे इस्‍तेमाल

नवादा/मुंगेर/भागलपुर [जागरण टीम]। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने चुनावी प्रचार के तहत गुरुवार को नवादा, जमुई व भागलपुर गए थे। उन्होंने नवादा में लोजपा प्रत्याशी चंदन कुमार, जमुई में लोजपा प्रत्याशी चिराग पासवान व भागलपुर में जदयू प्रत्याशी अजय मंडल के समर्थन में सभाएं कीं। उन्होंने महागठबंधन पर निशाना साधा तथा बौखलाहट में अनाप शनाप बोलने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि ​बिहार के विकास को केंद्र का पूर्ण सहयोग मिल रहा है। उन्‍होंने कहा कि राजनीति में भाषा शालीन होनी चाहिए, लेकिन पीएम और मेरे खिलाफ बौखलाहट में गलत भाषा का इस्‍तेमाल किया जा रहा है।  

नवादा में चुनावी सभा

नवादा के वारिसलीगंज के माफीगढ़ में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि 1990 से लगातार 15 वर्षों तक बिहार की सत्ता पर पति-पत्नी का राज रहा। तब बिहार का बजट 24 हजार करोड़ था। वर्ष 2005 में मेरी सरकार बनी और अब बजट बढ़कर 2 लाख करोड़ हो गया है। केंद्र की मोदी सरकार बिहार के विकास के लिए काफी राशि दे रही है। वहीं बिहार में जबसे हमारी सरकार बनी विकास के लिए पूरी ताकत झोंक दी। परिणाम है कि आज चहुंओर विकास हो रही है।  

सीएम ने महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि अब हर गरीब की झोपड़ी तक बिजली पहुंच चुकी है, इसलिए लालटेन की आवश्यकता नहीं रह गई है। विकास योजनाओं को गिनाते हुए कहा कि पहले गरीबों की बेटियां स्कूल नहीं जा पाती थीं, अब हर क्षेत्र में परचम लहरा रही हैं। आज सिपाही बहाली, शिक्षक की नौकरी या फिर जीविका समूहों के गठन में महिलाएं अहम भूमिका निभा रही हैं। 

भागलपुर में भी हुई सभा 

उधर भागलपुर के एनडीए प्रत्‍याशी अजय मंडल के समर्थन में गोराडीह के मुक्तापुर मध्य विद्यालय के मैदान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सभा की। उन्‍होंने कहा कि कल तक घर से नहीं निकलने वाली महिलाएं आज समूह में निकल कर लोगों को ज्ञान बांट रही हैं। बेटियां समूह में स्कूल जाने लगी हैं। उन्होंने कहा कि हाशिये पर खड़े लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया। अब समाज का कोई भी तबका वंचित नहीं है। न्याय के साथ विकास किया। सीएम ने कहा क‍ि राजनीति में विरोध होता है, पर भाषा शालीन होनी चाहिए। इस समय बहुत से लोग बौखलाहट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मेरे खिलाफ गलत शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं। कैसी-कैसी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। ये वही लोग हैं, जो आप को बरगलाकर मेवा खाना चाहते हैं। मैं तो सेवा करने वाला आपका सेवक हूं।

चिराग पासवान के समर्थन में भी सभा

मुंगेर के तारापुर में आयोजित सभा में सीएम ने कहा कि जमुई से एनडीए के प्रत्याशी चिराग पासवान हैं। चिराग के काम को देखते हुए सभी लोग इनको वोट दें। केंद्र सरकार ने देश के सम्मान के लिए काम किया। आतंकवाद पर सरकार ने जो निर्णय लिया, वह सराहनीय है। केंद्र सरकार ने बिहार के विकास में सहयोग दिया। मैं न्याय के साथ विकास की बात करता हूं। न्याय के साथ विकास का मतलब समाज के सभी तबकों का विकास। हमलोग किसी को छोड़ते नहीं। हम सबों को जोड़ते हैं। पहले महिलाओं की क्या स्थिति थी। हमें सरकार में आने का मौका मिला, तो राज्य में स्थानीय निकाय के चुनाव में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया। आज महिलाएं जन प्रतिनिधि के रूप में घर से बाहर निकलती हैं और क्षेत्र का विकास करती हैं। वहीं मौके पर चिराग पासवान ने कहा कि हमारे लिए उत्साह की बात है कि जब मैं प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में हूं, तो मेरा समर्थन करने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आए हैं। मैंने ईमानदारी से क्षेत्र का विकास करने का प्रयास किया।

chat bot
आपका साथी