सीएम नीतीश ने किया मलमास मेले का उद्घाटन, कहा- धार्मिक स्‍थलों का संगम है राजगीर

बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने एक महीने तक चलने वाले मलमास मेले का उद्घाटन किया। राजगीर में आयोजित इस मेले में लाखों की संख्‍या में पर्यटक शामिल होंगे।

By Ravi RanjanEdited By: Publish:Wed, 16 May 2018 09:34 AM (IST) Updated:Wed, 16 May 2018 10:31 PM (IST)
सीएम नीतीश ने किया मलमास मेले का उद्घाटन, कहा- धार्मिक स्‍थलों का संगम है राजगीर
सीएम नीतीश ने किया मलमास मेले का उद्घाटन, कहा- धार्मिक स्‍थलों का संगम है राजगीर

नालंदा [जेएनएन]। बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने राजगीर में एक महीने तक चलने वाले मलमास मेला का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कुंड परिसर में पूजा अर्चना कर मेले के की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को राजगीर में मलमास मेला का उद्घाटन करने के बाद कहा कि राजगीर सर्वधर्म और समभाव की स्थली है। सभी प्रमुख धर्मों के पूजास्थल यहां मौजूद हैं। हिंदू, मुस्लिम, बौद्ध, सिख, जैन, सभी के लिए यह पवित्र स्थल है। मलमास में कुंड, वैतरणी एवं सरस्वती नदी के प्रति लोगों में असीम श्रद्धा है।
मुख्यमंत्री ने मेला के उद्घाटन एवं ध्वजारोहण समारोह में शामिल होने  को सौभाग्य माना। एक माह तक चलने वाले मलमास मेले में श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्था को देख जिला प्रशासन की प्रशंसा की। कहा कि राजगीर आकर उन्हें काफी शांति मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजगीर प्रसिद्ध प्राकृतिक, ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों का संगम है। यहां की पंच पहाडिय़ां हिमालय से भी ज्यादा पुरानी हैं। विशेषज्ञों के अनुसार ये पहाडिय़ां दो से 10 करोड़ वर्ष पुरानी हैं। इन पहाडिय़ों के बीच से कुंड और उसमें से पानी निकलना अद्भुत है। यहां के कुंडों का सरकार विकास करा रही है। राज्य के सभी प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटक स्थलों के विकास के लिए भी सरकार काम कर रही है। विकास के कारण ही हर वर्ष राजगीर में पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है। उन्होंने लोगों से मेला को साफ-सुथरा रखने  में जिला प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। राजगीर में बन रहे जू सफारी के साथ यहां किए जा रहे विकास कार्यों की भी चर्चा की।
राजगीर मलमास मेले को राजकीय दर्जा दिए जाने पर पंडा समिति ने  आभार प्रकट करते हुए कहा कि इससे मेले की भव्यता बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने ब्रह्मकुंड परिसर में आयोजित पूजा में भाग लिया।

chat bot
आपका साथी