'भाजपा की लिखी पटकथा पर केंद्र ने की कार्रवाई'- ललन सिंह का राहुल गांधी मामले में ट्वीट, बोले- काश.. ऐसा होता

राहुल गांधी के मामले में राजद ने भी भाजपा को घेरा है। राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद की सदस्यता समाप्त करना भाजपा की तानाशाही का सबसे बड़ा प्रमाण है। लोकतंत्र और संविधान के साथ यह खिलवाड़ है।

By Arun AsheshEdited By: Publish:Fri, 24 Mar 2023 11:05 PM (IST) Updated:Fri, 24 Mar 2023 11:05 PM (IST)
'भाजपा की लिखी पटकथा पर केंद्र ने की कार्रवाई'- ललन सिंह का राहुल गांधी मामले में ट्वीट, बोले- काश.. ऐसा होता
'भाजपा की लिखी पटकथा पर केंद्र ने की कार्रवाई'- ललन सिंह का राहुल गांधी मामले में ट्वीट

राज्य ब्यूरो, पटना। राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता समाप्त करने के निर्णय की जदयू ने तीखी आलोचना की है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने इसके लिए सीधे भाजपा को जिम्मेवार ठहराया है।

उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा है कि ''हड़बड़ी में कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी की लोकसभा की सदस्यता समाप्त करने के निर्णय से स्पष्ट हो गया है कि केंद्र की भाजपा सरकार बदले की भावना से कार्रवाई कर रही है। इसकी पूरी पटकथा बीजेपी ने लिखी है।''

उन्होंने लिखा है कि ''सूरत के सत्र न्यायालय द्वारा अपील के लिए दिए गए एक महीने के समय को दरकिनार करते हुए आनन-फानन में भाजपा सरकार द्वारा लिया गया निर्णय बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। काश... केंद्र की सरकार 81 हजार करोड़ के कारपोरेट घोटाले के विरुद्ध ऐसी ही त्वरित कार्रवाई करती। संभव है इसके जांच की मांग का खामियाजा राहुल गांधी को उठाना पड़ा।''

जदयू के वरिष्ठ नेता और राज्य के वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि जिस तरह राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म की गई है, उससे पूरा देश अचंभित है।

उन्होंने कहा कि जब चुनाव नजदीक हों, तब वर्षों पुराने एक मामले में सूरत (गुजरात) की निचली अदालत द्वारा सजा देना स्वभाविक प्रतीत नहीं होता है।

फिर तुरंत 24 घंटे के अंदर राहुल गांधी की संसद सदस्यता समाप्त कर देना, यह सब अस्वभाविक लगता है। चौधरी ने कहा कि राजनीति में इस तरह की घटनाएं अच्छा संकेत नहीं देती हैं।

राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म करना भाजपा की तानाशाही: राजद

राजद के प्रदेश प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद की सदस्यता समाप्त करना भाजपा की तानाशाही का सबसे बड़ा प्रमाण है।

लोकतंत्र और संविधान के साथ यह खिलवाड़ है। भाजपा विपक्ष को समाप्त करना चाहती है। भाजपा ने 2024 की संभावना को लेकर अपना संतुलन खो दिया है। सभी समान विचारधारा वाले दल एक होकर मुकाबला करें।

अतिपिछड़ों के सबसे बड़े हितैषी हैं नीतीश: राजीव रंजन

उधर, राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म होने को पिछड़े वर्ग के अपमान की सजा मिलने की बात से जोड़े जाने के बीच जदयू ने नीतीश कुमार को पिछड़ा वर्ग का हितैषी बताया है।

जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं महासचिव राजीव रंजन ने शुक्रवार को कहा कि अति पिछड़ों के सबसे बड़े हितैषी नीतीश कुमार हैं।

अतिपिछड़ा समाज के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाए जाने पर कंकड़बाग स्थित उनके आवास पर स्वागत किया।

राजीव रंजन ने कहा कि आजादी के बाद राज्य में कई मुख्यमंत्री बने, लेकिन कर्पूरी ठाकुर को छोड़कर अतिपिछड़े समाज के लिए किसी ने कुछ नहीं किया।

वहीं, नीतीश कुमार ने सत्ता संभालते ही अतिपिछड़ा समाज के लिए ऐसे ऐतिहासिक कार्य किए जिससे अतिपिछड़े समाज को विशेष लाभ मिला।

नीतीश के कारण ही बिहार में हर गांव में बिजली, पानी और सड़क की सुविधा पहुंच गई है। जीविका के माध्यम से महिलाओं में स्वावलंबन की भावना जागृत हुई है।

chat bot
आपका साथी