Bihar Weather Updates: हिमालय की हवाओं से ठिठुरा बिहार, ठंड ने तोड़ा 40 साल का रिकार्ड

Bihar Weather Updates बिहार में ठंड से जन-जीवन अस्‍त-व्‍यस्‍त हो गया है। ठंड लगातार बढ़ रही है। बुधवार को तो पटना में न्‍यूनतम व अधिकतम तापमान के बीच का तीन डिग्री का अंतर रहा।

By Amit AlokEdited By: Publish:Thu, 19 Dec 2019 10:42 AM (IST) Updated:Thu, 19 Dec 2019 10:28 PM (IST)
Bihar Weather Updates: हिमालय की हवाओं से ठिठुरा बिहार, ठंड ने तोड़ा 40 साल का रिकार्ड
Bihar Weather Updates: हिमालय की हवाओं से ठिठुरा बिहार, ठंड ने तोड़ा 40 साल का रिकार्ड

पटना [जेएनएन]। हिमालय से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण बिहार में ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। आज सुबह से पटना सहित राज्‍य के कई इलाकों में धूप निकलने के कारण थोड़ी राहत है, लेकिन आज सुबह 10 बजे पटना का तापमान 12 डिग्री ही था। इसके पहले बुधवार को पारा सामान्य से नौ डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया था, जिस कारण राजधानी में लोगों ने शिमला जैसी ठंड महसूस की। उत्‍तर बिहार में ठंड ने 40 सालों का रिकार्ड तोड़ दिया है। बुधवार को शिमला का अधिकतम तापमान 13 डिग्री तो पटना का 15.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गुरुवार को न्‍यूनतम तापमान 10 डिग्री तक गिरने का अनुमान है।

न्यूनतम व अधिकतम तापमान के बीच तीन डिग्री का अंतर

बुधवार को पटना में न्यूनतम और अधिकतम तापमान के बीच तीन डिग्री सेल्सियस से भी कम का अंतर रह गया। इससे ठंड का असर और गहरा गया है। पटना और आसपास के जिलों में कंपकंपी से जनजीवन प्रभावित है।

बर्फीली हवाओं के कारण ठंड में और वृद्धि की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार हिमालय क्षेत्र से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण गुरुवार को न्यूनतम तापमान में गिरावट होने से ठंड में वृद्धि होने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार को पटना का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। गया सहित अन्य शहरों के तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ेगी। कोहरा छाया रहेगा। रात में सर्दी अधिक होगी।

उत्तर बिहार में ठंड ने तोड़ा 40 वर्षों का रिकॉर्ड

उत्तर बिहार में भी ठंड से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। तेज हवा से कनकनी बढ़ गई है। बुधवार को ठंड ने पिछले 40 वर्षों का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया। दिन के अधिकतम तापमान में लगभग सात से आठ डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।

डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दो से तीन दिनों तक शीतलहर व ठंड का प्रकोप जारी रहेगा। मौसम वैज्ञानिक डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि विगत 40 वर्षों में दिन के तापमान में इतनी गिरावट नहीं देखी गई थी। पश्चिमी विक्षोभ और वायुमंडल के ऊपर से चल रही सर्द हवा के कारण उत्तर बिहार में अभी ठंड का कहर लगातार जारी रहने की संभावना है।

बुधवार का तापमान, एक नजर

पटना में बुधवार को न्यूनतम तापमान 13 डिग्री और अधिकतम 15.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में नमी की मात्रा 84 फीसद दर्ज की गई। गया का न्यूनतम तापमान 9.6 और अधिकतम 17.9 डिग्री रहा। भागलपुर का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम 17.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूर्णिया का न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री और अधिकतम 18.8 डिग्री रहा।

chat bot
आपका साथी