Bihar Crime: पटना में प्रसिद्ध साहित्‍यकार फणीश्वर नाथ रेणु के घर में चोरी, मैला आंचल की manuscript उठा ले गए

चोर ताला तोड़कर मैला आंचल ठुमरी व परती परिकथा का पहला संस्करण और हस्तलिखित कागज की नाव उठा ले गए। बर्तन व एक चापाकल भी ले गए । उनकी लोकप्रिय कृति मारे गए गुलफाम पर बॉलीवुड ने तीसरी कसम फिल्म भी बनी थी। मैला आंचल पर टीवी धारावाहिक बना है।

By Sumita JaiswalEdited By: Publish:Wed, 30 Sep 2020 08:02 PM (IST) Updated:Wed, 30 Sep 2020 08:02 PM (IST)
Bihar Crime:  पटना में प्रसिद्ध साहित्‍यकार फणीश्वर नाथ रेणु के घर में चोरी, मैला आंचल की manuscript उठा ले गए
अलमीरा से चोरी हुई किताबों को दिखाती हुई महिला ।

पटना, जेएनएन। प्रख्यात साहित्कार दिवंगत फणीश्वर नाथ रेणु के राजेंद्र नगर स्थित आवास से उनकी प्रमुख कृतियां चोरी हो गई हैं। मकान में रेणु के बेटे पद्म पराग रेणु रहते हैं। वे गांव गए हुए हैं। चोर आवास का ताला तोड़कर घर में रखे 'मैला आंचल', 'ठुमरी' व 'परती परिकथा' का पहला संस्करण उड़ा ले गए। उनके हाथ से लिखित पुस्तक 'कागज की नाव' को भी चोरों ने गायब कर दिया। किताबों पर रेणु के हस्ताक्षर भी थे। सूचना मिलते ही कदमकुआं थानाध्यक्ष के साथ ही एसपी सिटी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की।

सीसीटीवी फुटेज में दो चोर सामान का बंटवारा करते दिखे

एसपी सिटी ने बताया कि राजेंद्र नगर गोलंबर स्थित ब्लॉक नंबर 2 के फ्लैट 30 बी में फणीश्वर नाथ रेणु का आवास है, जिसमें उनके बेटे पद्म पराग रेणु रहते हैं। मकान में अभी रेणु के छोटे बेटे के साले दक्षिणेश्वर प्रसाद राय रह रहे थे। पिछले दस दिनों से वे भी ताला बंद कर गांव गए हैं। कागज की नाव की पांडुलिपि चोरों के हाथ लग गई है। चोर किताबों के अलावा बर्तन व एक चापाकल ले गए हैं। घटना के बाद आसपास के सारे सीसी टीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला गया। रोड नंबर 12 में लगे एक सीसी टीवी फुटेज में दो लोगों को कुछ सामान का बंटवारा करते देखा गया। चापाकल भी देखा गया। पुलिस को उन्हीं दोनों पर शक है। चोरी की सूचना सबसे पहले उनकी बेटी नमृता सिन्हा, जो कुछ ही दूरी पर मैला टंकी के पास रहती है, ने पुलिस को दी। इसी साल जनवरी में ही उनके पैतृक गांव हिंगना औराही स्थित उनके मकान रेणु भवन स्मृति में भी चोरी की घटना हुई थी। उस वक्त भी चोरों की नजर उनके लिखित साहित्य व उपन्यास पर ही थी।

विदित हो कि उनकी लोकप्रिय कृति मारे गए गुलफाम पर बॉलीवुड ने तीसरी कसम फिल्म भी बनाई थी, जो काफी प्रचलित हुई थी। मैला आंचल पर टीवी धारावाहिक भी बन चुका है।

chat bot
आपका साथी