बिहार के लोगों को बड़ी राहत: SpiceJet की नई उड़ानों से घटा मुंबई-दिल्ली का किराया

स्पाइसजेट की ओर से नई दिल्ली के लिए दो और मुंबई के लिए एक नई फ्लाइट की घोषणा होते ही पटना से दिल्ली और मुंबई का किराया काफी नीचे आ गया है। जेट एयरवेज के बंद होने से बढ़ा था किराया।

By Rajesh ThakurEdited By: Publish:Wed, 24 Apr 2019 05:05 PM (IST) Updated:Wed, 24 Apr 2019 10:37 PM (IST)
बिहार के लोगों को बड़ी राहत: SpiceJet की नई उड़ानों से घटा मुंबई-दिल्ली का किराया
बिहार के लोगों को बड़ी राहत: SpiceJet की नई उड़ानों से घटा मुंबई-दिल्ली का किराया

पटना, जेएनएन। स्पाइसजेट की ओर से नई दिल्ली के लिए दो और मुंबई के लिए एक नई फ्लाइट की घोषणा होते ही पटना से दिल्ली और मुंबई का किराया काफी नीचे आ गया है। जेट एयरवेज की चार उड़ानें बंद होने के कारण पटना से दोनों महानगरों का किराया 10 से 15 हजार तक पहुंच गया था। अब स्पाइसजेट ने मुंबई और दिल्ली के लिए नई उड़ानों की घोषणा कर दी है तो पीक सीजन में भी किराया 3000-4000 पर आ गया है। 

आसमान छूने लगा था किराया

दरअसल जेट एयरवेज के बंद होने यानी 25 मार्च के बाद से पटना से दिल्ली का किराया एक माह पहले भी टिकट बुक कराने पर 6-7 हजार रुपये लग रहा था। मुंबई का किराया तो आसमान छूने लगा था। पटना से मुंबई का किराया एक महीना पहले भी बुक कराने पर 8-9 हजार रुपये से कम नहीं था। यात्रा के एक-दो दिन पहले टिकट बुक कराने पर तो दिल्ली का किराया 10 से 12 हजार रुपये एवं मुंबई का 15 से 17 हजार रुपये तक था। 

नई उड़ानों की घोषणा के बाद आयी गिरावट

ऐसे में स्पाइसजेट ने 26 अप्रैल से मुंबई के लिए एक और 27 अप्रैल से दिल्ली के लिए दो उड़ानोंं के शुरू करने की घोषणा की तो अन्‍य विमानों का किराया गिर गया। अगर मई के दूसरे सप्ताह में किसी भी दिन यात्रा का टिकट बुक कराते हैं तो यात्रियों को 3000 से 3200 रुपये में टिकट मिल रहा है। इंडिगो व गो एयर का किराया भी काफी कम हो गया है। पटना से मुंबई का टिकट भी मई के दूसरे सप्ताह के लिए अभी 4000 से 4500 रुपये के अंदर बुक होने लगा है। 

पटना-दिल्‍ली रूट पर अब 19 उड़ानें

जेट एयरवेज के चार विमानों के बंद होने के बाद पटना व दिल्ली के लिए चार नई उड़ानें शुरू कर दी गई हैं। इससे भी यात्रियों को काफी राहत हो गई है। पहले दिल्ली-पटना-दिल्ली के लिए पटना से 18 विमान उड़ान भरते थे। जेट एयरवेज के बंद होने के बाद इनकी संख्या घटकर 15 हो गई थी। स्पाइसजेट के दो एवं इंडिगो की एक नई फ्लाइट से अब इस रूट पर 19 विमान उड़ान भरने लगेंगे।

chat bot
आपका साथी