कोरोना की तीसरी लहर की आशंका देख बिहार में कांवड़ यात्रा पर रोक, मंदिरों में नहीं होगा रुद्राभिषेक

बिहार राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड ने राज्य के मंदिरों में कांवड़ यात्रा पर रोक लगा दी है। राज्य सरकार ने मंदिरों को खोलने की अनुमति अभी नहीं दी है। मंदिरों में रुद्राभिषेक भी नहीं होगा। मंदिर के पुजारी या महंत केवल नियमित पूजा करेंगे।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Mon, 19 Jul 2021 08:47 PM (IST) Updated:Mon, 19 Jul 2021 08:47 PM (IST)
कोरोना की तीसरी लहर की आशंका देख बिहार में कांवड़ यात्रा पर रोक, मंदिरों में नहीं होगा रुद्राभिषेक
बिहार में कांवड़ यात्रा नहीं होगी। प्रतीकात्मक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, पटना : बिहार राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड ने राज्य के मंदिरों में कांवड़ यात्रा पर रोक लगा दी है। कोरोना की तीसरी लहर के मद्देनजर यह रोक लगाई गई है, ताकि भीड़ न जमा हो सके। राज्य सरकार ने मंदिरों को खोलने की अनुमति अभी नहीं दी है। मंदिरों में रुद्राभिषेक भी नहीं होगा। मंदिर के पुजारी या महंत केवल नियमित पूजा करेंगे। 

बिहार राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष अखिलेश कुमार जैन ने कहा कि सावन में राज्य के अधिकांश शिव मंदिरों में कांवड़ यात्रा होती है। इस दौरान मंदिरों में काफी संख्या में लोग शिवलिंग पर जलाभिषेक करने जाते हैं। कई मंदिरों में सावन मेला का भी आयोजन होता है। आम लोगों के लिए सावन में शिव मंदिरों के दरवाजे बंद रहेंगे। राज्य के प्रमुख शिव मंदिरों में मुजफ्फरपुर स्थित गरीबनाथ धाम, दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान, सोनपुर का हरिहर नाथ मंदिर, पटना जिले के बिहटा स्थित बिहटेश्वर नाथ मंदिर, बैकठपुर स्थित बैकुंठनाथ शिव मंदिर में इस वर्ष सावन में कांवड़ यात्रा नहीं होगी।

सूबे में मिले 54 नए कोरोना पाजिटिव

राज्य ब्यूरो, पटना : बिहार में कोरोना के नए पाजिटिव केस लगातार कम हो रहे हैं, हालांकि डाक्टर और विशेषज्ञ लगातार तीसरी लहर की आशंका जता रहे हैं। डाक्टरों का मत है कि भले ही नए पाजिटिव केस कम हो रहे हैं, लेकिन वर्तमान स्थिति में विशेष सावधानी रखने की जरूरत है। आज के हालात में मामूली सी असावधानी से कोरोना की वापसी हो सकती है। स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को जारी अपनी रिपोर्ट में बताया कि रविवार-सोमवार के बीच सूबे में 1.30 लाख से अधिक टेस्ट किए गए जिसमें पटना में छह समेत सूबे से 54 नए पाजिटिव केस मिले हैं। राज्य के 38 जिलों में 13 ऐसे हैं जहां से आज एक भी नये पाजिटिव केस नहीं मिले। जबकि 11 जिले ऐसे हैं जहां से एक-एक केस मिले हैं।

24 घंटे में 98 संक्रमितों ने कोरोना को दी शिकस्त

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बीते 24 घंटे में 98 संक्रमितों ने कोरोना को शिकस्त दी है। इसके साथ ही सूबे में कोरोना से स्वस्थ दर 98.58 फीसद हो गई है। कोरोना के गंभीर संक्रमण की चपेट में रहे एक व्यक्ति की सोमवार को मौत होने की जानकारी भी स्वास्थ्य विभाग ने दी है। कोरोना संक्रमण की वजह से राज्य में 9630 लोगों की मौत हो चुकी है। वर्तमान में राज्य में कोरोना के एक्टिव केस 679 रह गए हैं। 

chat bot
आपका साथी