ड्यूटी से गायब 11 अधिकारियों का वेतन कटा

दुर्गापूजा एवं मुहर्रम के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण हेतु प्रतिनियुक्त कई अफसरों के ड्यूटी से गायब रहने के मामले को डीएम कौशल कुमार ने गंभीरता से लिया है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 13 Oct 2017 03:05 AM (IST) Updated:Fri, 13 Oct 2017 03:05 AM (IST)
ड्यूटी से गायब 11 अधिकारियों का वेतन कटा
ड्यूटी से गायब 11 अधिकारियों का वेतन कटा

नवादा। दुर्गापूजा एवं मुहर्रम के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण हेतु प्रतिनियुक्त कई अफसरों के ड्यूटी से गायब रहने के मामले को डीएम कौशल कुमार ने गंभीरता से लिया है। मनरेगा पीओ राजीव रंजन सहित 11 पदाधिकारी प्रतिनियुक्ति स्थल से अनुपस्थित पाए गए थे। डीएम ने ऐसे अफसरों का वेतन काटते हुए कड़ी चेतावनी दी है। साथ ही स्पष्टीकरण भी मांगा है। उन्होंने कहा है कि विधि व्यवस्था में लापरवाही एवं शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अकबरपुर के मनरेगा पीओ राजीव रंजन का सात दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया गया है। वहीं पीएचइडी के सहायक अभियंता प्रदीप कुमार का एक दिन, रोह सीडीपीओ रीता कुमारी का सात दिन का वेतन, पीएचइडी के कनीय अभियंता प्यारे लाल मंडल का दो दिन, जिला मत्स्य पदाधिकारी विनय कुमार का एक दिन, प्रमंडलीय लेखा पदाधिकारी बलवीर दास का एक दिन, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी अनिल कुमार का एक दिन, कौआकोल के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी नीलेश कुमार का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया गया। इनके अलावा ग्रामीण कार्य प्रमंडल रजौली के कनीय अभियंता राजेन्द्र कुमार का एक दिन, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सत्येन्द्र प्रसाद का तीन दिन, कौआकोल के प्रखंड कल्याण पदाधिकारी शंकर कुमार झा का सात दिन, कौआकोल के प्रखंड कृषि पदाधिकारी संजय कुमार का सात दिन का वेतन स्थगित करने का डीएम द्वारा निर्देश दिया गया। गौरतलब है कि उक्त सभी पदाधिकारी दशहरा एवं मुहर्रम के दौरान विधि-व्यवस्था की ड्यूटी में जिले के भिन्न-भिन्न संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर प्रतिनियुक्त थे। डीएम ने कहा है कि दुर्गा पूजा और मुहर्रम के अवसर पर इनलोगों की अनुपस्थिति कर्तव्य में लापरवाही, स्वच्छाचारिता एवं विधि-व्यवस्था जैसे संवेदनशील मामलों में असहयोग का परिचायक है। इन सभी पदाधिकारियों से 24 घंटे के अंदर अपना स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया। स्पष्टीकरण से मुक्त होने तक सभी पदाधिकारियों का अनुपस्थित दिनों का वेतन स्थगित रहेगा। बता दें कि दशहरा व मुहर्रम पर्व एक साथ होने के चलते विधि व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती थी। जिले में कई स्थानों पर दो पक्षों में रोड़ेबाजी भी हुई थी।

chat bot
आपका साथी