पराली जलाने से नष्ट होते हैं मिट्टी के सूक्ष्म पोषक तत्व

नगर भवन नवादा में बुधवार को कृषि जागरुकता महाअभियान रबी-2019 के तहत कार्यशाला आयोजित की गई।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 23 Oct 2019 10:04 PM (IST) Updated:Wed, 23 Oct 2019 10:04 PM (IST)
पराली जलाने से नष्ट होते हैं मिट्टी के सूक्ष्म पोषक तत्व
पराली जलाने से नष्ट होते हैं मिट्टी के सूक्ष्म पोषक तत्व

नगर भवन नवादा में बुधवार को कृषि जागरुकता महाअभियान रबी-2019 के तहत कार्यशाला आयोजित की गई। जिलास्तरीय रबी कार्यशाला का शुभारंभ उप निदेशक पौधा संरक्षण पटना प्रमंडल सह नोडल अधिकारी मनोज कुमार व जिला कृषि पदाधिकारी अरविद कुमार झा ने संयुक्त रूप से तुलसी के पौधा में जल अर्पण कर किया।

कार्यशाला में डीएओ ने कृषि विभाग की विभिन्न रबी योजनाओं की जानकारी दी। इनमें बीज ग्राम, मुख्यमंत्री तीव्र बीज विस्तार कार्यक्रम, चना प्रत्यक्षण, मसूर, सरसों प्रत्यक्षण, जीरो टीलेज की विस्तार से जानकारी दी गई।

उप निदेशक मनोज कुमार ने अमेरिकी कीट फॉल आर्मी के बारे में कर्मियों को जानकारी देते हुए कहा कि फॉल आर्मी कीट का हमला मक्का फसल पर होता है। इससे खेत की 40 फीसदी तक खेती बर्बाद हो जाती है। भारत में सर्वप्रथम इस कीट ने पिछले साल दक्षिण भारत के राज्य कर्नाटक, तमिलनाडु आदि राज्यों में अपना प्रभाव दिखाया। ये झुंड बनाकर विध्वंसक रुप से आक्रमण करते हैं। फॉल आर्मी कीट का लार्वा फसल के लिए नुकसानदेह होता है।

परियोजना निदेशक सह सहायक निदेशक भूमि संरक्षण संजय शर्मा ने फसल अवशेषों से जैविक खाद बनाने और जल जीवन हरियाली की महत्ता के महत्वपूर्ण बिदुओं के बारे में विस्तार से बताया। इसके साथ ही कार्यशाला में धान व गेहूं की कटाई के बाद उसके पुआल-डंठल को खेत में जलाने से मना किया गया। विशेषज्ञों ने कहा कि खेत में किसी भी तरह का चीज जलाना खेती के लिए बड़ा नुकसान है। इससे मिट्टी के पोषक तत्व बड़ी मात्रा में नष्ट हो जाते हैं। इसका प्रभाव खेती पर भी पड़ता है। किसानों से कहा गया कि इस तरह की बुरी आदत को कभी भी नहीं अपनाएं।

सहायक निदेशक उद्यान शंभु प्रसाद ने पानी की बचत और अधिक उत्पादन के लिए सूक्ष्म सिचाई ड्रीप व स्प्रिंकलर सिचाई विधि के बारे जानकारी दी।

प्रशिक्षण सत्र में कृषि वैज्ञानिक रौशन कुमार ने मौसम परिवर्तन के बारे में बताया। कृषि वैज्ञानिक डॉ. जयवंत कुमार सिंह ने सब्जी, उद्यान फसलों के विभिन्न रोग व कीट के नियंत्रण के बारे में बताया।

इस कार्यक्रम में अनुमंडल कृषि पदाधिकारी विभूति भूषण पाठक, प्रखंड कृषि पदाधिकारी अमरनाथ मिश्रा, अभय कुमार, हंस कुमार अचल, कृषि समन्वयक राजेश रंजन, संतोष कुमार, रामशंकर, मदन मोहन, पंकज कुमार, अवध प्रसाद, बीएचओ, बीटी एम, एटीएम, किसान सलाहकार, विभिन्न प्रखंड के सैकड़ों प्रगतिशील किसान रबी महाभियान में उपस्थित रहे। मंच का संचालन कृषि समन्वयक सुरेंद्र कुमार ने किया।

chat bot
आपका साथी