राजगीर में बनेगी फिल्म सिटी : नीतीश कुमार

जगीर की पंच पहाडिय़ों के साए में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार की शाम किला मैदान में रंगारंग राजगीर महोत्सव का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि राजगीर में अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम, स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स और फिल्म सिटी का निर्माण होगा।

By Amit AlokEdited By: Publish:Sun, 29 Nov 2015 10:59 AM (IST) Updated:Sun, 29 Nov 2015 01:22 PM (IST)
राजगीर में बनेगी फिल्म सिटी : नीतीश कुमार

नालंदा [भुवनेश्वर वात्स्यायन]। राजगीर की पंच पहाडिय़ों के साए में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार की शाम किला मैदान में रंगारंग राजगीर महोत्सव का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि राजगीर में अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम, स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स और फिल्म सिटी का निर्माण होगा। विदेशी पर्यटकों के लिए यहां एक स्टेट गेस्ट हाउस भी बनाया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर सहज भाव में कहा, कुछ लोग मेरे फिर से आने और न आने की बात कर यह सोचने लगे थे कि मैंने राजगीर और नालंदा में जो चीजें शुरू की थीं, वो पूरी हो पाएंगी या नहीं? जो चीजें मैंने शुरू की हैं उसके खिलने, पल्लवित और पुष्पित हुए बिना हम कहां जाने वाले। कहा कि बिहार में पर्यटन के क्षेत्र में इतनी संभावनाएं हैं कि अभी हम पूरी चीजों को खोज ही कहां पाए हैं। जरूरत पर्यटन क्षेत्र की बुनियादी आधारभूत संरचना को विकसित करने की है। नालंदा से गया के बीच के इलाके को एक मानते हुए इस तरह से विकसित किया जाए कि सैलानी आएं तो सात दिनों तक रहें। यह सही है कि देशी और विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ी है, लेकिन उनके लिए बुनियादी सुविधाएं विकसित करनी होंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विदेशी पर्यटक तो चार्टर्ड प्लेन से आते हैं, अपना पानी और गाइड लाते हैं। बुनियादी सुविधाएं रहेंगी तो इससे अर्थव्यवस्था को फायदा होगा। राजगीर स्थित रत्नागिरी पर्वत पर बने शांति स्तूप पर जाने के लिए जो रोपवे बना वह देश का पहला है। यहां सरकार ने इसके समानांतर एक नए रोपवे के निर्माण को मंजूरी दी है, लेकिन पुराने रोपवे को हेरिटेज के रूप में रखा जाएगा।

सीएम ने कहा, राजगीर की विशेषता यह है कि यहां पर सभी के लिए कुछ न कुछ है। इतिहास, विज्ञान, अध्यात्म और पर्यावरण के साथ-साथ राजगीर की पहाडिय़ों में कई किस्म की औषधियां हैं। अगर इसपर काम किया जाए तो लोग यहां शोध करने आएंगे। महोत्सव में नालंदा अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय की कुलपति गोपा सब्बरवाल से उन्होंने कहा कि इस दिशा में उन्हें भी काम कराना चाहिए। उम्मीद है कि नालंदा विश्वविद्यालय इस दिशा में काम करेगा। वह मानते हैं कि नालंदा विश्वविद्यालय की जो परिकल्पना है उसमें किसी भी तरह का हस्तक्षेप नहीं होगा। यह पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण है। राजगीर में स्टेट गेस्ट हाउस भी बनाया जाना चाहिएउ जहां विदेशों से आने वाले राष्ट्राध्यक्षों के ठहरने की व्यवस्था हो। मौके पर ऊर्जा मंत्री बिजेन्द्र यादव, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, कला एवं संस्कृति मंत्री शिवचंद्र राम, पर्यटन मंत्री अनिता देवी, समाज कल्याण मंत्री मंजू वर्मा, नालंदा के सांसद कौशलेन्द्र कुमार व जिले के विधायक मौजूद थे। कार्यक्रम का आरंभ सर्वधर्म प्रार्थना सभा से हुआ। इसके बाद ख्याति प्राप्त गायक अदनान सामी से अपने गीतों से समारोह में समा बांधा। अदनान ने कहा कि वह पहली बार बिहार आए हैं, लोगों के रेस्पांस से अभिभूत हैं।

chat bot
आपका साथी