लोजपा नेता सत्यानंद शर्मा पर जानलेवा हमला

By Edited By: Publish:Fri, 12 Sep 2014 12:33 AM (IST) Updated:Fri, 12 Sep 2014 12:33 AM (IST)
लोजपा नेता सत्यानंद शर्मा पर जानलेवा हमला

जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ : नालंदा से लोजपा के लोकसभा प्रत्याशी रहे सत्यानंद शर्मा पर असामाजिक तत्वों ने जानलेवा हमला कर उनका कुर्ता फाड़ दिया। इतना ही नहीं चप्पल की माला पहनाकर उनके साथ बदसलूकी भी की गई।

यह घटना नगरनौसा बाजार से कुछ ही दूरी पर गुरुवार की सुबह तकरीबन 10 बजे के आसपास हुई। यह जानकारी खुद सत्यानंद शर्मा ने पत्रकारों को दी। उन्होंने कहा जमुई सांसद चिराग पासवान बिहारशरीफ के खंदकपर के अम्बेडकर छात्रावास आ रहे थे। आगे-आगे चिराग का काफिला चल रहा था और पीछे उनका वाहन। जैसे ही काफिला नगरनौसा के पास पहुंचा पहले से घात लगाए 20-25 असामाजिक तत्वों ने उनके वाहन को रोक दिया। वाहन रूकते ही लोगों ने उनकी गाड़ी पर हमला बोल दिया और कुर्ता को फाड़कर जूते-चप्पल का माला पहनाकर अभद्र व्यवहार करने लगे।

उन्होंने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले में एक जनप्रतिनिधि के साथ इस तरह का व्यवहार निंदनीय है। उन्होंने कहा आरोप लगाया कि यह विपक्षी पार्टी की साजिश है। पिछले चुनाव में शर्मनाक से हार से बौखलाई विपक्षी पार्टी के लोगों ने इस तरह का कुकृत्य किया है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कानून व्यवस्था के मामले में पूरी तरह विफल रही है। लोकसभा चुनाव में नालंदा से मेरी जीत पक्की हो गई थी। लेकिन सत्ताधारी दल के लोगों ने साजिश करके हरा दिया। पटना उच्च न्यायालय में इस संबंध में चुनाव याचिका लंबित है। शीघ्र ही कोर्ट का फैसला आने वाला है। इसी बात से घबराकर मेरे साथ इस तरह का साजिश रची जा रही है। इससे हम घबराने वाले नहीं है। विपक्षी चाहे कुछ भी कर लें हम पीछे हटने वाले नहीं हैं।

सांसद चिराग पासवान ने कहा कि आज जिस तरह से पूर्व प्रत्याशी पर हमला किया गया। यह राज्य सरकार व प्रशासन के लिए डूब मरने जैसी बात है। पूर्व मुख्यमंत्री के गृह जिले में जब जनप्रतिनिधि के साथ इस तरह की घटना हो और प्रशासन बैठा रहे तो आम लोगों का क्या होगा।

chat bot
आपका साथी