ऊंची पहाडिय़ों पर तिरंगा फहराने का संकल्प लेकर बिहार पहुंची युवकों की टीम, सोमेश्वर पर लहराया तिरंगा WestChamparan News

सभी राज्यों की सबसे ऊंची चोटी पर राष्ट्रीय ध्वज को लहराने का संकल्प लेकर निकले तीन युवकों ने बिहार की सोमेश्‍वर चोटी पर लहराया तिरंगा। जलवायु परिवर्तन पर लोगों को किया जागरूक।

By Murari KumarEdited By: Publish:Sun, 15 Dec 2019 09:41 PM (IST) Updated:Sun, 15 Dec 2019 09:41 PM (IST)
ऊंची पहाडिय़ों पर तिरंगा फहराने का संकल्प लेकर बिहार पहुंची युवकों की टीम, सोमेश्वर पर लहराया तिरंगा WestChamparan News
ऊंची पहाडिय़ों पर तिरंगा फहराने का संकल्प लेकर बिहार पहुंची युवकों की टीम, सोमेश्वर पर लहराया तिरंगा WestChamparan News

पश्चिम चंपारण, जेएनएन। कर्नाटक के मनिपाल यूनिवर्सिटी से तीन युवाओं का दल दस राज्यों के भ्रमण के उपरांत बिहार पहुंचा। जलवायु परिवर्तन से होने वाली क्षति के प्रति लोगों को जागरुक करने व सभी राज्यों की सबसे ऊंची चोटी पर राष्ट्रीय ध्वज को लहराने का संकल्प लेकर निकले इस दल में ऋषभ राज, प्रत्युष जयंत बाघे और अंकित जाजू शामिल थे। दल ने शनिवार को दुरुह सोमेश्वर पहाड़ी की कठिन चढ़ाई को पार कर बिहार की सर्वोच्च पर्वत चोटी सोमेश्वर पहाड़ के पिलर नंबर 452 तक पहुंचे और राष्ट्रीय ध्वज लहराया।

वीटीआर में जैव विविधता का लिया जायजा 

 इस दौरान भारत माता की जय के नारे लगे और दल ने सफलतापूर्वक अपने लक्ष्य को हासिल किया। इससे पूर्व गुरुवार को राजधानी पटना में वन विभाग के वरीय अधिकारियों से युवाओं ने मुलाकात के बाद शुक्रवार को वाल्मीकिनगर पहुंचा। दल ने वाल्मीकि टाइगर रिजर्व का भ्रमण कर जैव विविधता का जायजा लिया।

 दल में शामिल ऋषभ ने बताया कि वे तमिलनाडु, कर्नाटक, महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश, झारखंड, उडि़सा, मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान और हरियाणा में सफलतापूर्वक सबसे ऊंची चोटी पर पहुंचकर राष्ट्रीय ध्वज फहरा चुके हैं। शनिवार को सामेश्वर पहाड़ी की सबसे ऊंची चोटी पर राष्ट्रीय ध्वज लहराने के बाद वे यूपी के लिए रवाना हो गए। ऋषभ ने बताया कि देश के सभी राज्यों के भ्रमण के लिए यूनिवर्सिटी से दो टीमें निकली हैं।

इस तरह बन जाएंगे विश्व रिकार्ड का हिस्सा 

 यह यात्रा 28 नवंबर को शुरू हुई। सफलतापूर्वक अभियान समाप्त होने के साथ ही हम यह विश्व रिकार्ड का हिस्सा बन जाएंगे, जब किसी यूनिवर्सिटी के छात्रों की टीम ने भारत के सभी राज्यों की सबसे ऊंची पहाडिय़ों पर तिरंगा फहराया हो। दूसरी ओर, वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के वन प्रमंडल संख्या 01 के डीएफओ अम्बरीश कुमार मल्ल ने बताया कि युवाओं ने अपने हौसले के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। 

chat bot
आपका साथी