Year Ender 2019: सरकारी बस से काठमांडू व जनकपुर यात्रा करने की मिली सुविधा Muzaffarpur News

पथ परिवहन निगम की बसों का हुआ विस्तार मिलीं कई सुविधाएं। महंगाई बढऩे के बाद भी नहीं बढ़ा किराया यात्रियों को मिली राहत।

By Murari KumarEdited By: Publish:Mon, 30 Dec 2019 05:53 PM (IST) Updated:Mon, 30 Dec 2019 05:53 PM (IST)
Year Ender 2019: सरकारी बस से काठमांडू व जनकपुर यात्रा करने की मिली सुविधा Muzaffarpur News
Year Ender 2019: सरकारी बस से काठमांडू व जनकपुर यात्रा करने की मिली सुविधा Muzaffarpur News

मुजफ्फरपुर, जेएनएन। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के नाम वर्ष 2019 में कई उपलब्धियां रहीं। महंगाई बढऩे के बाद भी निगम की बसों का किराया निजी बसों से काफी कम रहा। कई महत्वपूर्ण रूटों पर बस सेवा शुरू हुई। इससे यात्रियों को काफी राहत मिली। भारत नेपाल मैत्री बस सेवा के तहत बोधगया से काठमांडू एवं पटना से जनकपुर बस सेवा बड़ी उपलब्धि रही। इसके साथ ही पीपी मोड पर बैरगनिया-पटना, बेतिया-रक्सौल, बेतिया-पटना, छपरा-गोरखपुर, मोतिहारी-गोरखपुर एवं रक्सौल- गोरखपुर बस सेवा शुरू की गई। 

क्षेत्रीय प्रबंधक के प्रयास से यात्री को सुविधा, निगम को राजस्व 

2019 पथ परिवहन निगम के लिए कई मायनों में महत्वपूर्ण रहा। एक तरफ तो जीर्ण-शीर्ण हालत में पहुंच चुके निगम की बस की हालत में सुधार हुआ। दूसरी ओर सुविधाएं बढ़ी तो यात्रियों का विश्वास भी निगम की बसों की ओर बढ़ा। घाटे में चल रहे निगम की आय में वृद्धि हुई। मुजफ्फरपुर क्षेत्रीय कार्यालय से पटना मुख्यालय को खर्च काट कर हर महीने 80 लाख से एक करोड़ राजस्व भेजा जाने लगा। क्षेत्रीय प्रबंधक एसएन झा ने पद संभालने के बाद अपनी सूझबूझ से निगम की बसों के प्रति यात्रियों का विश्वास बढ़ाया। आपराधिक तत्वों का अड्डा बने इमलीचट्टी स्थित डिपो का में सुरक्षा एवं यात्री सुविधा को लेकर कई कार्य हुए। उत्कृष्ट कार्य कुशलता की वजह से पुरस्कृत भी हुए।  

नए परिवहन एक्ट से वाहन मालिकों पर जुर्माने का बोझ

नए परिवहन एक्ट के तहत वाहन मालिकों से जुर्माने की वसूली हुई। जुर्माने की राशि को कई गुणा बढ़ाने एवं जांच अभियान से वाहन मालिक दहशत में रहे। बिना कागजात, हेलमेट, प्रदूषण, फिटनेस आदि को लेकर व्यापक पैमाने पर अभियान चला। इससे सरकार को अरबों रुपये के राजस्व की प्राप्ति हुई। कई जगहों पर वाहन मालिकों एवं परिवहन अधिकारियों के बीच नोकझोंक एवं तकरार हुई। एक वकील से तकरार की वजह से डीटीओ पर मुकदमा भी हुआ।  

बैरिया बस पड़ाव की नहीं बदली सूरत, समिति की बैठक बेनतीजा 

बैरिया बस पड़ाव की बदहाली दूर नहीं हुई। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में पड़ाव समिति की बैठक में लिए गए निर्णय भी 2019 में यात्रियों की समस्या को दूर नहीं कर सके। समिति में यात्री सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर कई निर्णय लिए गए थे। समिति के खाते में राशि की कमी नहीं है। इसके बावजूद बस पड़ाव की दुर्दशा खत्म नहीं हुई।  

उम्मीद 2020

- कई रूटों पर शुरू होगी बस सेवा।

- नगर बस सेवा शुरू होने की उम्मीद।

- बैरिया बस पड़ाव का होगा जीर्णोद्धार।

- ड्राइविंग लाइसेंस व ऑनरबुक की व्यवस्था में होगा बदलाव।

- मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के तहत वाहन खरीद पर मिलेगी सब्सिडी 

  इस बारे में बिहार राज्य पथ परिवहन निगम क्षेत्रीय प्रबंधक एसएन झा ने कहा कि 'पथ परिवहन निगम में यात्री सुविधा को बढ़ाया गया है। सभी प्रमुख रूटों पर यात्रियों को सस्ता सफर की सुविधा मिल रही है। सुरक्षा एवं संरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।'

chat bot
आपका साथी