World Environment Day 2020: पश्चिम चंपारण के इस विद्यालय में नामांकन के समय पौधा लगाते छात्र, जानें कैसे हुई शुरुआत

World Environment Day 2020पश्चिम चंपारण के हरदेव प्रसाद उ. माध्यमिक विद्यालय में पांच साल से चल रहा अभियान। स्कूल बंद होने के बाद भी पौधों की देखभाल को शिक्षक तैनात।

By Murari KumarEdited By: Publish:Fri, 05 Jun 2020 09:57 AM (IST) Updated:Fri, 05 Jun 2020 09:57 AM (IST)
World Environment Day 2020: पश्चिम चंपारण के इस विद्यालय में नामांकन के समय पौधा लगाते छात्र, जानें कैसे हुई शुरुआत
World Environment Day 2020: पश्चिम चंपारण के इस विद्यालय में नामांकन के समय पौधा लगाते छात्र, जानें कैसे हुई शुरुआत

पश्चिम चंपारण, [विजय यादव]। इस स्कूल में हर ओर हरियाली। पर्यावरण के प्रति प्रेम की झलक। ऐसा हुआ है पिछले पांच साल में। पर्यावरण के प्रति जागरूक प्रधान शिक्षक की पहल पर। पर्यावरण संरक्षण के लिए उन्होंने नियम बना दिया कि प्रवेश लेने वाले हर छात्र और नए शिक्षक को एक पौधा लगाना होगा। फिर क्या था एक-एक कर तकरीबन एक हजार पौधे लग गए।

 पर्यावरण संरक्षण के इस अनूठे प्रयास वाले बगहा अनुमंडल के मधुबनी प्रखंड के हरदेव प्रसाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में लगभग चार सौ छात्र हैं। 12वीं तक के इस विद्यालय में छात्रों ने आम, अमरूद और शीशम सहित अन्य पौधे लगाए हैं। वे इसकी देखभाल भी करते हैं। कोरोना के चलते स्कूल बंद है तो एक शिक्षक और चतुर्थवर्गीय कर्मी की ड्यूटी पौधों की देखभाल के लिए लगाई गई है। 

इस तरह हुई अभियान की शुरुआत 

पर्यावरण प्रदूषण को देखते हुए विद्यालय के पूर्व प्रधान शिक्षक पंडित भरत उपाध्याय ने वर्ष 2015 में नामांकन के साथ पौधारोपण की शुरुआत की थी। इसमें शिक्षकों का साथ मिला। 31 जनवरी 2020 को सेवानिवृत्त हुए तो नए प्रधान शिक्षक संतोष कुमार त्रिपाठी उनके नक्शे कदम पर चल पड़े। विद्यालय के प्रांगण व इसकी भूमि में पौधे लगाए जाते हैं।

प्रवेश लेने वाले छात्र पौधे घर से लाते हैं। इस विद्यालय में पर्यावरण को लेकर अलग से कक्षा भी चलती है। इसमें पेड़-पौधों की जानकारी देने के साथ पर्यावरण सुरक्षित रखने और उसकी महत्ता के बारे में बताया जाता है। जो छात्र पढ़ाई में कमजोर एवं पिछड़े होते हैं, उनको अलग से मुफ्त में कोचिंग कराई जाती है। छात्र चंदन कुमार, विपिन कुमार यादव व रंजीत कुमार ने बताया कि पढ़ाई के दौरान पर्यावरण संरक्षण की अनूठी मुहिम में शामिल होने का मौका मिला। आजीवन पेड़-पौधों की सुरक्षा करते रहेंगे।  

मैटिक और इंटर में प्रथम श्रेणी में पास छात्र करेंगे विद्यालय में पौधारोपण

प्रधान शिक्षक संतोष कुमार त्रिपाठी कहते हैं कि कोरोना के चलते नए सत्र में नामांकन नहीं होने से पौधारोपण नहीं हो पाया है। लेकिन, जिन छात्रों ने मैटिक व इंटर की परीक्षा प्रथम श्रेणी में पास की है, वे पौधारोपण करेंगे। इसमें इंटर के 47 और मैटिक के 37 छात्र हैं। स्कूल खुलने पर जब छात्रों का नामांकन होगा, तो पौधारोपण कराया जाएगा।

पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए विद्यालय को वाल्मीकिनगर सांसद सतीश चंद्र दुबे व विधायक धीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ रिंकू कई बार सम्मानित कर चुके हैं। प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मधुबनी, दशरथ पोद्दार का कहना है कि इस विद्यालय ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में काफी काम किया है। इसकी जानकारी वरीय पदाधिकारियों को दी जाएगी, ताकि इसे आदर्श विद्यालय का दर्जा दिलवाया जाए। इस विद्यालय के शिक्षकों को सम्मानित करने के लिए भी लिखा जाएगा।

chat bot
आपका साथी