भाजपा नेता का बड़ा बयान- किसानों को मारने का नाम है कांग्रेस पार्टी

भाजपा नेता राधामोहन सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी नहीं चाहते थे देश में कांग्रेस पार्टी रहे। कांग्रेस पार्टी किसानों को मारने का नाम है।

By Ravi RanjanEdited By: Publish:Tue, 13 Feb 2018 06:35 PM (IST) Updated:Tue, 13 Feb 2018 11:17 PM (IST)
भाजपा नेता का बड़ा बयान- किसानों को मारने का नाम है कांग्रेस पार्टी
भाजपा नेता का बड़ा बयान- किसानों को मारने का नाम है कांग्रेस पार्टी

पूर्वी चंपारण [जेएनएन]। भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह ने कांग्रेस पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि किसानों को मारने का नाम है कांग्रेस पार्टी। महात्मा गांधी नहीं चाहते थे देश में कांग्रेस पार्टी रहे। आज देश के प्रधानमंत्री का संदेश साफ है देश की जनता मेरे लिए परमात्मा है। मेरे लिए भी देश की जनता परमात्मा है और मेरे संसदीय क्षेत्र मोतिहारी की जनता मेरी आत्मा है।

कोटवा प्रखंड के मठबनवारी में मदर जेपी फ्रूट एंड वेजिटेबल प्राइवेट लिमिटेड के मोतिहारी डेरी संयंत्र के शिलान्यास समारोह केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आजादी के बाद लगातार सत्ता में रही कांग्रेस ने कभी भी देशवासियों की चिंता नहीं की। लेकिन, देश में पहली बार ऐसी सरकार बनी जिसके प्रधानमंत्री यह कहते हैं कि अपने और अपने लोगों का प्रधानमंत्री नहीं सवा सौ करोड़ देशवासियों का प्रधानमंत्री हूं। हमारी सरकार का उद्देश्य अपना और अपने लोगों का विकास करना नहीं है। बल्कि सवा सौ देशवासियों का विकास करना है। कृषि मंत्री के नाते पूरे देश की जनता मेरे लिए परमात्मा है और मेरे संसदीय क्षेत्र की जनता मेरी आत्मा है।

मंत्री ने मंच से विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। कहा- मुर्गी को मारते हैं तो चिकेन पार्टी बनती है। बकरी मारते हैं तो मटन पार्टी मनती है। किसानों को मारने का नाम है कांग्रेस पार्टी। देश में 85 फीसद लोग गो पालन करते हैं। जब भी गाय की बात की जाती है तो चंद लोग मजहब की बात करते हैं। लेकिन, गाय सभी पालते हैं और इसके पीछे वैज्ञानिक कारण हैं।

राधा मोहन सिंह ने कहा कि मोदी सरकार के आने के बाद गो पालन व दुग्ध उत्पादन पर जोर दिया गया। किसान व पशुपालकों के विकास की कोशिशें हुईं। हमारी सरकार में दूध के उत्पादन में 21 फीसद की वृद्धि हुई। 15 साल पहले दुनिया के वैज्ञानिकों ने कहा की देसी नस्ल की गायों पर जलवायु का असर नहीं पड़ेगा। फिर मोदी सरकार ने गो पालन को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय गोकुल मिशन की स्थापना की।

उन्‍होंने आगे कहा कि आज हमारे प्रधानमंत्री जी और कृषि मंत्रालय ने इस विषय पर काम शुरू किया तो कुछ लोग पागल कहते हैं। तो हम पागल ही अच्छे हैं। ऐसा प्रधानमंत्री यदि पहले रहा होता तो किसानों की इतनी बुरी हालत नहीं होती। आजादी के 70 साल तक कांग्रेस सत्ता में रही। लेकिन, देश का विकास नहीं हो पाया। गरीब-किसानों का विकास नहीं हो पाया। कांग्रेस वह कांग्रेस नहीं रही जिसकी स्थापना देश के विकास के उद्देश्य से की गई थी। महात्मा गांधी ने भी कहा था कांग्रेस समाप्त कर दी जाए तभी देश को आजादी मिलेगी। आज हमारी सरकार गांधी जी के कार्यों को ही कर रही है। आज देश को आजादी मिली है। 19 राज्यों से कांग्रेस का सफाया हो गया है। 2022 तक देश की तस्वीर बदल जाएगी।

इस मौके पर बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री प्रमोद कुमार ने केंद्रीय मंत्री को मोतिहारी डेयरी स्थापना कराने के लिए बधाई दी। कहा- कि वह दिन दूर नहीं जब यहां से दूध की गंगा बहेगी। राज्य के कई जिलों के अलावा उत्तर प्रदेश व नेपाल के लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा। इससे पहले मंत्री द्वय व अतिथियों ने कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया। फिर रिमोट से मंत्री श्री सिंह ने डेरी संयंत्र का शिलान्यास किया। मौके पर जिले के कई विधायक विधान पार्षद, जिप अध्यक्ष उपाध्यक्ष, को-आपरेटिव बैंक के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष समेत कई प्रतिनिधि व भाजपा जदयू के नेता मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी