उत्तर बिहार के जिलों में भारी बारिश से नदियों में उफान, बाढ़ का खतरा बढ़ा

उत्‍तर बिहार में लगातार हाे रही बारिश से बाढ़ का खतरा बढऩे लगा है। पश्चिम चंपारण में गंडक उफान पर है। गंडक बराज नियंत्रण कक्ष में तैनात अभियंताओं की बेचैनी बढ़ गई है।

By Murari KumarEdited By: Publish:Thu, 25 Jun 2020 07:19 PM (IST) Updated:Thu, 25 Jun 2020 07:19 PM (IST)
उत्तर बिहार के जिलों में भारी बारिश से नदियों में उफान, बाढ़ का खतरा बढ़ा
उत्तर बिहार के जिलों में भारी बारिश से नदियों में उफान, बाढ़ का खतरा बढ़ा

मुजफ्फरपुर, जेएनएन। उत्तर बिहार में बारिश से नदियों के जलस्तर में तेजी से वृद्धि होने लगी है। इससे बाढ़ का खतरा बढऩे लगा है। पश्चिम चंपारण में गंडक उफान पर है। गंडक नदी का जलस्तर 80 हजार क्यूसेक को पार कर गया है। गंडक बराज नियंत्रण कक्ष में तैनात अभियंताओं की बेचैनी बढ़ गई है। गंडक बराज के सहायक अभियंता विकास कुमार ने बताया कि कुछ गेटों को आंशिक तौर पर उठा दिया गया है। अभी खतरे की कोई बात नहीं है।

 वहीं, समस्तीपुर में करेह, बूढ़ी गंडक, गंगा के जलस्तर में वृद्धि दर्ज की गई। इससे तटबंधों पर दबाव बढ़ रहा है। सीतामढ़ी के ढेंग में बागमती नदी खतरे के निशान को पार कर गई है। सोनाखान, डुबाघाट, चंदौली में पानी बढ़ रहा है। झीम नदी का पानी सोनबरसा में तेजी से बढ़ रहा है। पुपरी व सुंदरपुर में अधवारा समूह की नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। गुआबारी में लालबकेया नदी का जलस्तर घटा है। लेकिन, तटबंध पर दबाव बना है। शिवहर में बागमती के जलस्तर में 50 सेंटीमीटर वृद्धि दर्ज की गई है। 

सुरक्षित स्थलों पर जाने का दिया निर्देश

पश्चिम चंपारण में नदियों के आसपास बसे लोगों को सुरक्षित स्थलों पर जाने का निर्देश दिया गया है। बारिश का पानी पश्चिम चंपारण के बगहा शहरी पीएचसी के ओपीडी कक्ष समेत अन्य कमरों में पानी भर गया। योगापट्टी दियारे की सड़कों पर बारिश का पानी भरने से आवागमन बाधित हो गया है। छोटा चौमुखा से मंगलपुर जाने वाली सड़क पर बारिश का पानी बह रहा है। नवलपुर थाना परिसर और बेतिया गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज परिसर में बारिश का पानी भर गया है। समस्तीपुर में तेज हवा से कई कच्चे घर क्षतिग्रस्त हो गए।  दरभंगा शहर के कई इलाके झील में तब्दील हो गए। 

ठनका गिरने से 23 की मौत 

उत्तर बिहार में गुरुवार को बारिश ने कहर बरपाया। जानमाल और फसलों को भारी नुकसान हुआ। ठनका गिरने से 23 लोगों की मौत हो गई। जबकि, आठ लोग झुलस गए। मृतकों में पश्चिम चंपारण के दो, पूर्वी चंपारण के छह, मधुबनी के आठ, समस्तीपुर, सीतामढ़ी और दरभंगा के दो -दो और शिवहर के एक हैं। वहीं, झुलसे लोगों में पश्चिम चंपारण के एक, पूर्वी चंपारण के छह और सीतामढ़ी के एक हैं। पश्चिम चंपारण और सीतामढ़ी जिले में रेड अलर्ट जारी किया गया है।

वर्षापात : बगहा में 110 मिमी वर्षा हुई। वहीं, समस्तीपुर में 24 घंटे में 61 एमएम बारिश दर्ज की गई। शिवहर में 4.5 मिमी वर्षा हुई।

chat bot
आपका साथी