Lok Sabha Election 2019 Phase 6 : शिवहर में उम्र और शारीरिक अक्षमता पर भारी पड़ा मतदान का जज्बा

मतदान करने के बाद इनके चेहरे पर उभरने वाले भाव पहली बार मतदान करने वाले नए वोटरों से कतई कम नहीं थे। वोटरों ने उत्साह के साथ किया मतदान।

By Ajit KumarEdited By: Publish:Sun, 12 May 2019 02:28 PM (IST) Updated:Sun, 12 May 2019 02:28 PM (IST)
Lok Sabha Election 2019 Phase 6 : शिवहर में उम्र और शारीरिक अक्षमता पर भारी पड़ा मतदान का जज्बा
Lok Sabha Election 2019 Phase 6 : शिवहर में उम्र और शारीरिक अक्षमता पर भारी पड़ा मतदान का जज्बा

शिवहर, जेएनएन। जज्बा हो तो उम्र या शारीरिक अक्षमता भी आड़े नहीं आ सकती। रविवार को इसी जज्बे को दिखाया बुजुर्ग और निशक्त मतदाताओं ने। उम्र और शारीरिक अक्षमता भी उन्हें वोट डालने से नहीं रोक सकी। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के कई बूथों पर ऐसे मतदाताओं को उत्साह के साथ मतदान करते देखा गया। मतदान करने के बाद इनके चेहरे पर उभरने वाले भाव पहली बार मतदान करने वाले नए वोटरों से कतई कम नहीं थे।

रविवार को बूथ संख्या 213 पर मतदान करने पहुंचे 82 वर्षीय राजमंगल सिंह बोले कि भले ही उनका अंतिम मतदान हो। लेकिन लोकतंत्र की जय जय है। मौके पर तैनात सुरक्षा बलों ने उन्हें सहयोग देकर मतदान कराया। बूथ संख्या 218 पर अपने पोते के सहारे मतदान करने पहुंचीं 95 वर्षीया राजकली देवी ने कहा कि चुनाव में मतदान करना भी तो देश सेवा है, जब तक शरीर में जान है तब तक मतदान करती रहूंगी। इसी बूथ पर वोट डालने के लिए दिव्यांग दपंती बिगन पासवान एवं रिंकी देवी ने कहा कि सरकार के गठन में हमारे एक-एक मत की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

उत्सवी माहौल में हो रहा मतदान

रविवार की सुबह सात बजे से शिवहर संसदीय सीट के लिए उत्सवी माहौल में वोट शुरू हुआ। खास तौर से युवा मतदाता ज्यादा ही उत्साहित दिखे। हो भी क्यों नहीं, वे पहली बार उस प्रक्रिया का हिस्सा बन रहे थे, जिसके माध्यम से देश की सरकार चुनी जानी है। शिवहर मुख्यालय स्थित बूथ संख्या 181 पर पहली बार मतदान करने पहुंची नंदिनी नंदन एवं संतोषी कुमारी ने कहा कि यह क्षण अविस्मरणीय है।

   कन्या मध्य विद्यालय के बूथ संख्या 182 पर लंबी कतार लग गई। यहां पहुंचे मतदाता कतार में ही अपनी बारी की प्रतीक्षा में बैठ गए। गर्ल्स हाई स्कूल स्थित पिंक बूथ संख्या 183, 184 की आकर्षक सजावट की गई है। यहां सभी चुनाव कर्मी महिला हैं। मतदाताओं की कतार सुबह से लग गई है। जिला निर्वाची पदाधिकारी अरशद अजीज, एसपी संतोष कुमार समाहरणालय स्थित नियंत्रण कक्ष से पल-पल की जानकारी लेते दिखे।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी